Loading Now
×

BCA Inter District Cricket angika zone : जमुई ने बांका को 17 रनों से पराजित किया

भागलपुर : बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में भागलपुर जिला क्रिकेट संघ द्वारा सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में आयोजित बीसीए अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट (सीनियर) 2023-24 के अंगिका जॉन के दूसरे लीग मुकाबले में सोमवार को जमुई ने बांका को 17 रनों से पराजित किया।

मैच का टॉस बांका ने जीता और पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जमुई की टीम 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 217 रनों का स्कोर खड़ा किया। जमुई की ओर से बल्लेबाजी में संदीप रावत ने 101 रनों की शतकीय पारी खेली। संदीप ने अपनी इस पारी में 120 गेंदों का सामना किया और 10 चौके और 1 छक्के लगाए। प्रिंस कुमार ने सात चौके की मदद से 43 रन बनाए। बांका की ओर से गेंदबाजी में शिवम कुमार सिंह, हिमांशु सिंह, मो राशिद व राघवेंद्र प्रताप ने क्रमशः दो-दो विकेट लिये। विकास सिंह ने एक विकेट झटका।

217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांका की टीम 45.5 ओवर 200 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। बांका की ओर से बल्लेबाजी में मो फरहान अख्तर ने दो चौके की मदद से 45 रन बनाए। मो इश्तियाक आलम ने 4 चौके व दो छक्के की मदद से 35 रनों का योगदान दिया। पुनीत ने सात चौके की मदद से 34 रन टीम के लिए जोड़े। जमुई की ओर से गेंदबाजी में मयंक मेहता व शिव सिन्हा ने क्रमशः 3-3 विकेट लिया। बादल कुमार ने 2 विकेट झटके। धर्मराज व शुभम सिंह ने क्रमशः एक-एक विकेट चटकाए।

मैच में निर्णायक की भूमिका बीसीए पैनल के अंपायर आशीष सिन्हा (पटना) और अमरेंद्र कुमार पांडे (मधुबनी) ने निभाई। मैच ऑब्जर्वर बीसीए पैनल के सुधांशु शेखर (पूर्णिया) थे। कॉमेंटेटर की भूमिका में अनीशा कुमारी व शिवानी कुमारी थीं। स्कोरर धर्मजय और अंकित थे। पिच क्यूरेटर बीसीए पैनल के हिमांशु राय थे। बुधवार को सुबह 9 बजे से भागलपुर बनाम मुंगेर के बीच मैच खेला जाएगा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को सुबह 8 बजे सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में रिपोर्ट करना है।

मौके पर बीसीए टूर्नामेंट कमेटी के चेयरमैन डॉ आनंद कुमार मिश्रा, बीडीसीए के अध्यक्ष अमरेश कुमार, बीसीए अंगिका जॉन के इंचार्ज सुबीर मुखर्जी उर्फ मामू, बीडीसीए के कोषाध्यक्ष सह चीफ सेलेक्टर डॉ जयशंकर ठाकुर, डाॅ अर्जुन कुमार, पूर्व खिलाड़ी अक्षय शुक्ला, मो मेहताब मेहंदी, कृष्ण कुमार पांडे उर्फ गुड्डू पांडे, मुरारी आदि उपस्थित थे।

खेल के हर खबर पर पैनी नज़र और सही उद्देश्य से लोगो तक पहुँचाने में सक्षम है खेलबिहार। संपर्क करे :9123473681

Post Comment