बॉल बैडमिंटन प्रशिक्षक पी.रमेश सम्मानित
पटना : अंतरराष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन प्रशिक्षक पी.रमेश ( तमिलनाडु ) को कुशवाहा आश्रम, हाजीपुर में आज सम्मानित किया गया। वैशाली जिला बॉल बैडमिंटन संघ के द्वारा आयोजित सम्मान समारोह के अवसर पर खिलाड़ियों व खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए देश के सर्वश्रेष्ठ बॉल बैडमिंटन प्रशिक्षकों में एक पी.रमेश ने कहा कि दक्षिण के राज्यों के अलावे बिहार में बॉल बैडमिंटन खेल लोकप्रिय व विकसित हुआ है।
राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ी है। बिहार के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है जरूरत है सिर्फ सही मार्गदर्शन व प्रशिक्षण की। आने वाले वर्षो में राज्य के खिलाड़ी और भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शुमार होंगे।
राज्य बॉल बैडमिंटन संघ द्वारा राज्य के बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए किये जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए प्रशिक्षक पी.रमेश ने कहा कि खिलाड़ियों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है जिससे निरंतर उनके प्रदर्शन में सुधार हो रहा है। तकनीकी रूप से मजबूत भी हुए हैं। इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन प्रशिक्षक पी.रमेश को महामंत्री कुशवाहा संघ वैशाली अनिल चन्द्र कुशवाहा,अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ राजेंद्र कुमार बनफूल,बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर ने पगड़ी,शॉल,माला,स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ई.जवाहर सिंह,समाजसेवी राम एकवाल सिंह,शिवजी सिंह,सीनियर राष्ट्रीय खिलाड़ी दीपक प्रकाश रंजन,विक्की प्रकाश,जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव राजेश शुभांगी सहित अनेक खेलप्रेमी उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत वैशाली जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव रवि रंजन कुमार ने किया। मंच संचालन विदुपुर प्रखंड सचिव प्रमोद कुमार ने किया।
इस अवसर पर खेले गये एकदिवसीय पुरूष वर्ग के मैच में पटना ने वैशाली को 35-30,35-27 से एवं महिला वर्ग के मैच में मेजबान वैशाली ने पटना को 35-16,35-18 से पराजित कर विजेता बना। पुरुष वर्ग के मैच में पटना की ओर से रवि रंजन, रोहित, सत्यम,सन्नी ने एवं वैशाली की ओर से विनोद,आकाश,अभिराज,दीपक ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया जबकि महिला के मैच में मेजबान वैशाली की ओर से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रिया सिंह, वंदना, मुस्कान,निधि,साक्षी ने एवं पटना की ओर से नेहा,पिंकी, मुस्कान ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।



Post Comment