सी.के. नायडू ट्रॉफी: मुंबई ने बिहार पर बनाई 272 रनों की बढ़त
पटना, 26 जनवरी 2025: सी.के. नायडू ट्रॉफी अंडर-23 टूर्नामेंट में बिहार और मुंबई के बीच रोमांचक मुकाबला मुंबई के सचिन तेंदुलकर जिमखाना, कांदिवली में खेला जा रहा है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मुंबई ने 5 विकेट के नुकसान पर 536 रन बनाकर 272 रनों की मजबूत बढ़त हासिल कर ली है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार की टीम ने 63.1 ओवर में 264 रन बनाए। दीपक ने 75 रनों की शानदार पारी खेलते हुए टीम को स्थिरता प्रदान की, जबकि सूरज कश्यप ने 53 रनों का अहम योगदान दिया। इनके अलावा अंकित राय ने 38 और सूरज विजय ने 35 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती देने की कोशिश की। हालांकि, निचले क्रम के बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके, जिसके चलते बिहार की टीम 264 रन के स्कोर पर सिमट गई।

मुंबई के गेंदबाजों में धनित राउत और अथर्व भोसले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-4 विकेट चटकाए। सूर्यांश और हिमांशु ने भी एक-एक विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने शुरुआत में कुछ झटके झेले। मनीष कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए अंगकृश रघुवंशी (22) और आयुष माथरे (52) के विकेट चटकाए। हालांकि, इसके बाद मनन भट ने 105 रनों, सूर्यांश शेडगे100 रन और अथर्व भोसले ने भी 32 रनों का योगदान दिया। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक आयुष सचिन वर्तक 32 रन और प्रग्नेश कंपिल्लेवार 177 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं।
बिहार के गेंदबाजों में मनीष कुमार और सूरज विजय ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि सूरज कश्यप को 1 विकेट मिला। टीम के गेंदबाजों ने मेहनत की, लेकिन मुंबई के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।
तीसरे दिन बिहार की टीम पर दबाव रहेगा। बिहार टीम मुकाबले में वापसी करने के लिए सधी हुई गेंदबाजी और बेहतरीन रणनीति के साथ मैदान पर उतरेगी।



Post Comment