Loading Now
×

बीसीए मेंस सीनियर ट्रॉफी: कटिहार ने नालंदा को 6 विकेट से हराकर फाइनल में बनाई जगह

पटना, 24 मार्च 2025: मोइनुल हक स्टेडियम, पटना में खेले गए बीसीए मेंस सीनियर ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में कटिहार ने नालंदा को 6 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

नालंदा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.2 ओवर में 255 रन बनाए। नालंदा के लिए कुंदन शशि वर्मा ने 125 गेंदों में 13 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 121 रनों की उपयोगी पारी खेली। उनके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज कुश अनिल कुमार ने 58 गेंदों में 5 चौकों के साथ 44 रन बनाए, जबकि आदित्य महेश कुमार ने 37 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 29 रनों का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाजों ने भी छोटे-छोटे योगदान देकर टीम का स्कोर 255 रनों तक पहुंचाया।

कटिहार के गेंदबाजों में आयुष कुमार ने 10 ओवर में 44 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनके अलावा हर्ष नंदा, खालिद आलम और पीटर मरदी ने 2-2 विकेट लेकर नालंदा के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।

256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कटिहार ने 45.4 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 259 रन बनाकर जीत दर्ज की। कटिहार के लिए अंकित सिंह ने 146 गेंदों में 16 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 134 रनों की प्रभावी पारी खेली। उनके अलावा अश्विनी कुमार ने 35 गेंदों में 6 चौके और 1 छक्के के साथ 42 रन बनाए, जबकि खालिद आलम ने 41 गेंदों में 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 41 रनों का योगदान दिया।

विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक कुमार ने 14 रन और कप्तान सूरज कुमार ने 10 रन बनाए, जबकि हज़रत अली 8 रन बनाकर नाबाद रहे और अपनी टीम को जीत दिलाई।नालंदा के गेंदबाजों में अर्णव अरबिंदो कुमार को 2 विकेट तथा आदित्य महेश कुमार और नमन सत्येंद्र गौरव को 1-1 विकेट मिला।

इस जीत के साथ कटिहार ने बीसीए मेंस सीनियर ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है, जहां उनका मुकाबला गोपालगंज से 26/03/2025 को होगा।

खेल के हर खबर पर पैनी नज़र और सही उद्देश्य से लोगो तक पहुँचाने में सक्षम है खेलबिहार। संपर्क करे :9123473681

Post Comment