Loading Now
×

BCA द्वारा आयोजित होने जा रहा “प्रेसिडेंट कप -2025 टूर्नामेंट” 8 टीम लेगी भाग

पटना : बिहार क्रिकेट के विकास और राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी टीम बनने के उद्देश्य से बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने अपने पहले ‘प्रेसिडेंट कप’ के आयोजन की घोषणा की है। यह टूर्नामेंट अप्रैल/मई 2025 में पटना में आयोजित किया जाएगा।

इस टूर्नामेंट का आयोजन 2/3 दिवसीय प्रारूप में किया जाएगा, जिसमें कुल 8 टीमें भाग लेंगी। इन टीमों को दो समूहों में विभाजित किया जाएगा। सभी टीमें बिहार के विभिन्न जिलों से चयनित की जाएंगी, जिससे प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। 

यह टूर्नामेंट लीग प्रारूप में खेला जाएगा, जिसके बाद सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन कर दो टीमें बनाई जाएंगी। इन टीमों के बीच 2/3 मैच और खेले जाएंगे ताकि उभरते हुए खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में प्रदर्शन का मौका मिल सके। यह पहल बीसीसीआई डोमेस्टिक सीजन शुरू होने से पहले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने में सहायक होगी। 

*टीम चयन एवं प्रारूप:*  

टीमों का चयन चयन समिति द्वारा किया जाएगा। टीमों का संयोजन वरिष्ठ (सीनियर), अंडर-23, अंडर-19 और अंडर-16 आयु वर्ग के खिलाड़ियों का मिश्रण होगा। प्रत्येक मैच दो दिवसीय होगा, जिसमें प्रति टीम 90 ओवर खेले जाएंगे।

*स्थान:*

यह टूर्नामेंट पटना में आयोजित होगा, जिसमें मोइनुल हक स्टेडियम और विक्रांत ग्राउंड पर मैच खेले जाएंगे।

*मैच विवरण:*  

सभी मैच एसजी टेस्ट गेंदों से खेले जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता वाली खेल परिस्थितियों में प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। साथ ही, टूर्नामेंट के सभी मैचों का सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों और टूर्नामेंट को व्यापक पहचान मिलेगी। 

*महत्व:*

यह टूर्नामेंट बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के क्रिकेट विकास प्रयासों में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में कार्य करेगा। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को मंच प्रदान करना है ताकि वे रेड बॉल क्रिकेट में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक अवसर मिल सके।

  1. इस मौके पर BCA सचिव ज़ियाउल आफरीन, संजय कुमार सिंह गवर्निंग काउंसिल चेयरमैन, मनीष राज, CEO, BCA, आनंद यालवीगी, निदेशक, क्रिकेट विकास एवं संचालन, BCA एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post Comment