बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों को सुविधाएं प्रदान करना प्राथमिकता : पवन केजरीवाल
पटना : बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों का प्रदर्शन राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट हो जिसके लिए बिहार के बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करना राज्य संघ की प्राथमिकता है।
किलकारी बिहार बाल भवन के तत्वावधान में आज संपन्न हुए 10 दिवसीय प्रतिभा खोज बॉल बैडमिंटन प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह के अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के निदेशक -सह- प्रोपराइटर,जन औषधि केंद्र आइजीआइएमएस,पटना पवन कुमार केजरीवाल ने कहा कि राज्य के सभी जिलों में प्रतिभा खोज बॉल बैडमिंटन प्रशिक्षण शिविर (बालक व बालिका) आयोजित किया जायेगा जिसमें नवोदित खिलाड़ियों की पहचान की जायेगी।

नवोदित व चयनित बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जायेगी। आगामी वर्षों में आयोजित होने वाली सैफ/एशियन/विश्व कप बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में बिहार के बॉल बैडमिंटन खिलाड़ी भी खेलते नजर आयेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मई के प्रथम सप्ताह में बिहार बॉल बैडमिंटन संघ की वार्षिक कार्यकारिणी समिति एवं आम सभा की बैठक आयोजित की जायेगी।
इस अवसर पर मुंबई (महाराष्ट्र) में संपन्न हुए 70वीं सीनियर राष्ट्रीय महिला बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में कांस्य पदक प्राप्त करने वाली बिहार महिला बॉल बैडमिंटन टीम को सम्मानित किया जायेगा। किलकारी बिहार बाल भवन सैदपुर,पटना स्थित बॉल बैडमिंटन कोर्ट पर संपन्न हुए दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को सीनियर राष्ट्रीय खिलाड़ी व प्रशिक्षक राहुल कुमार एवं शशिकांत कुमार के द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह के विशिष्ट अतिथि बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के उपाध्यक्ष -सह- वरीय अधिवक्ता मिथिलेश कुमार मंडल,राज्य सचिव गौरी शंकर,संयुक्त सचिव मिताली मित्रा,बिहार पिकलबॉल संघ के सचिव रंजन कुमार गुप्ता,पटना जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव -सह- जमुनी लाल कॉलेज हाजीपुर के सहायक प्राध्यापक ( गणित ) डॉ.अरुण दयाल ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
सभी अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र प्रदान कर किलकारी के प्रशिक्षक राहुल कुमार ने एवं धन्यवाद ज्ञापन राज्य संघ के संयुक्त सचिव राकेश रंजन ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय खिलाड़ी संटू महाराज,प्रशांत राज सहित अनेक खेलप्रेमी उपस्थित थे। इस अवसर पर बालक एवं बालिका वर्ग का प्रदर्शनी बॉल बैडमिंटन मैच खेला गया। जिसमें दोनों वर्गों में किलकारी ‘ए’ ने किलकारी ‘बी’ को पराजित किया।



Post Comment