BCA करने जा रहा बिहार प्रीमियर लीग (BPL) का आयोजन,लीग 1 जून से प्रस्तावित,फ्रेंचाइज़ी पार्टनर के लिए आवेदन शुरू
पटना : बिहार क्रिकेट संघ (BCA) ने बिहार प्रीमियर लीग (BPL) के आयोजन की घोषणा करते हुए फ्रेंचाइज़ी पार्टनर बनने के इच्छुक पक्षों से रुचि पत्र (Expression of Interest – EOI) आमंत्रित किए हैं। यह आमंत्रण कम से कम पाँच वर्षों की अवधि के लिए होगा, जिसे आगामी संस्करणों में परस्पर सहमति से नवीनीकृत किया जा सकता है।
BCA ने राज्य में क्रिकेट के विकास को गति देने हेतु Perfect Pitch Events & Sports Pvt. Ltd. के साथ साझेदारी की है। इस पहल के अंतर्गत ट्वेंटी-20 प्रारूप में BPL का आयोजन किया जाएगा।

वर्ष 2021 में इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर बिहार में बिहार क्रिकेट लीग (BCL) का आयोजन किया गया था, जिसका प्रसारण 29 देशों में किया गया और जिसे लगभग 60 लाख से अधिक दर्शकों ने देखा था। इस वर्ष BCA ने BPL करवाने की तैयारी की है, जिसका प्रसारण आप जिओ सिनेमा पर देख सकते हैं। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, इस वर्ष BPL का आयोजन किया जा रहा है, जिसका सीधा प्रसारण जिओ सिनेमा पर किया जाएगा।
लीग का आयोजन 1 जून से 25 जून 2025 के बीच प्रस्तावित है। इसमें 6 टीमें भाग लेंगी, जिनके नाम बिहार राज्य के किसी एक शहर के नाम पर होंगे। टीम के नाम को अंतिम मंज़ूरी BPL की गवर्निंग काउंसिल देगी। सभी मैच उर्जा ग्राउंड, पटना में खेले जाएंगे।
EOI आवेदन के लिए कुछ प्रमुख शर्तें निर्धारित की गई हैं:
– आवेदनकर्ता व्यक्ति या कंपनियों का समूह हो सकता है, जिसकी वित्तीय स्थिति मजबूत हो तथा उसका टर्नओवर प्रस्तावित बोली राशि का तीन गुना हो।
– आयकर रिटर्न, पैन और जीएसटी पंजीकरण संख्या के प्रमाण प्रस्तुत करने होंगे।
आवेदनकर्ताओं के खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला लंबित नहीं होना चाहिए और वे सट्टेबाज़ी जैसे किसी भी अनुचित कार्य में लिप्त नहीं होने चाहिए।
EOI के साथ एक लाख रुपये की प्रोसेसिंग राशि (गैर-वापसी योग्य) का भुगतान डिमांड ड्राफ्ट द्वारा किया जाना आवश्यक है। न्यूनतम बोली राशि प्रति वर्ष पाँच करोड़ रुपये (कर अतिरिक्त) निर्धारित की गई है। चयनित फ्रेंचाइज़ी को अनुबंध हस्ताक्षर के समय 50 प्रतिशत, लीग से तीन दिन पूर्व 25 प्रतिशत तथा फ़ाइनल से एक सप्ताह पूर्व शेष 25 प्रतिशत राशि का भुगतान करना होगा। साथ ही, 50 लाख रुपये की ब्याज मुक्त सुरक्षा राशि भी निर्धारित की गई है, जो लीग समाप्ति के 45 दिन बाद लौटा दी जाएगी।
EOI जमा करने की अंतिम तिथि 7 मई 2025, शाम 5 बजे तक निर्धारित है। इच्छुक आवेदक अपना आवेदन ईमेल के माध्यम से info.bpl@biharcricketassociation.com पर भेज सकते हैं या फिर भौतिक रूप से सीलबंद लिफाफे में निम्नलिखित पते पर भेज सकते हैं:
BIHAR CRICKET ASSOCIATION
45/C, पाटलिपुत्र कॉलोनी
मीडीपार्क अस्पताल के पास
पटना – 800013, बिहार, भारत
चयनित आवेदकों की घोषणा 7 दिन के भीतर कर दी जाएगी।बिहार क्रिकेट संघ ने स्पष्ट किया है कि उसका निर्णय अंतिम एवं बाध्यकारी होगा और इस पर किसी भी प्रकार की अपील मान्य नहीं होगी।अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें: info.bpl@biharcricketassociation.com



Post Comment