BCA द्वारा आयोजित “गेंदबाजों की खोज” के लिए लगभग 4000 आवेदन
- *BCA द्वारा आयोजित “गेंदबाजों की खोज” के लिए लगभग 4000 आवेदक तैयार, अंतिम चयन प्रक्रिया का नेतृत्व करेंगे सलिल अंकोला और वेंकटपति राजू
*पटना,6 मई 2025:* बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) द्वारा राज्यभर में तेज और स्पिन गेंदबाजों की पहचान हेतु आयोजित “गेंदबाजों की खोज” अभियान को उल्लेखनीय प्रतिक्रिया मिली है। इस अभियान के अंतर्गत अब तक कुल 3993 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो यह दर्शाता है कि बिहार में गेंदबाजी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
यह विशेष आयोजन 9 से 12 मई 2025 तक मोइनुल हक स्टेडियम, पटना में आयोजित किया जाएगा। 9 और 10 मई को जिलेवार ट्रायल होंगे, जिसकी पूरी जानकारी BCA की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके बाद 11 और 12 मई को अंतिम चयन प्रक्रिया संपन्न होगी, जिसमें भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सलिल अंकोला और वेंकटपति राजू विशेष चयनकर्ता के रूप में भाग लेंगे।
*सलिल अंकोला*, भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज रह चुके हैं और हाल ही में मुंबई की सीनियर टीम के मुख्य चयनकर्ता के रूप में कार्य कर चुके हैं। वहीं, *वेंकटपति राजू*, जो बाएं हाथ के स्पिनर थे, भारतीय चयन समिति में दक्षिण क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और घरेलू क्रिकेट में चयन व कोचिंग का लंबा अनुभव रखते हैं।
BCA के अनुसार, इस आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मैदान, पिच, लॉजिस्टिक्स एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया जा रहा है। चयन के दौरान गेंदबाजों के गति, नियंत्रण, विविधता, और तकनीकी कौशल का गहन मूल्यांकन किया जाएगा।
यह पहल न केवल राज्य की छिपी हुई गेंदबाजी प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मार्ग भी प्रशस्त करेगी। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन को विश्वास है कि इस आयोजन से राज्य को भविष्य के लिए नई गेंदबाजी क्षमताएं प्राप्त होंगी, जो बिहार क्रिकेट की पहचान को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाएंगी।
*सादर,*
*बिहार क्रिकेट एसोसिएशन, पटना*



Post Comment