पटना ने गया को 8 विकेट से हराकर रणधीर वर्मा अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में किया प्रवेश
पटना, 18 मई। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित रणधीर वर्मा अंडर-19 वनडे ट्रॉफी 2024-25 का पहला क्वार्टर फाइनल आज मोइनुल हक स्टेडियम, पटना में पटना और गया के बीच खेला गया। इस मुकाबले में पटना ने गया को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
पटना के कप्तान प्रखर प्रदीप ज्ञान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। गया की टीम निर्धारित 50 ओवर भी नहीं खेल सकी और 39.4 ओवर में 154 रन पर ऑलआउट हो गई। बल्लेबाजी में आयुष मदन कुमार ने 38 रन, अभिषेक संजय राज ने 32 रन और पवन रविंद्र भारद्वाज ने 24 रन का योगदान दिया। कप्तान प्रीतम रमाकांत राज सिर्फ 8 रन ही बना सके, जबकि अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके।

पटना की गेंदबाजी में शाश्वत जीत राज 5 ओवर 19 रन 2 विकेट, सत्यम कुंदन कुमार 7 ओवर 29 रन एक विकेट, उत्कर्ष धीरज कुमार 10 ओवर एक मेडन 37 रन 3 विकेट, अगस्त्य अभिषेक आनंद 7 ओवर एक मेडन 23 रन एक विकेट, आयुष 5.4 ओवर 26 रन एक विकेट और कप्तान प्रखर प्रदीप ज्ञान 1 ओवर 2 रन 1 विकेट हासिल किया।
जवाब में पटना ने लक्ष्य का पीछा बेहद सहजता से किया और 24.2 ओवर में ही दो विकेट खोकर 158 रन बना लिए। अनमोल नीरज कुमार ने 73 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से नाबाद 55 रन बनाए। कप्तान प्रखर प्रदीप ज्ञान ने 33 गेंदों में 39 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल था। अगस्त्य अभिषेक आनंद ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से नाबाद 59 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
गया की गेंदबाजी में अभिषेक मंटू प्रसाद 5 ओवर एक मेडन 35 रन एक विकेट और मयंक अजीत पाण्डेय ने 5 में 27 रन देकर एक विकेट हासिल किया।इस जीत के साथ पटना की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है, जहां वह ट्रॉफी की दौड़ में और मजबूती से आगे बढ़ेगी।



Post Comment