रणधीर वर्मा अंडर-19 वनडे ट्रॉफी : भोजपुर ने सीतामढ़ी को 3 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में किया प्रवेश
पटना, 21 मई। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित रणधीर वर्मा अंडर-19 वनडे ट्रॉफी 2024-25 के एक महत्वपूर्ण क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भोजपुर ने सीतामढ़ी को 3 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। यह मुकाबला मोईन-उल-हक़ स्टेडियम, पटना में खेला गया, जहां टॉस जीतकर भोजपुर ने पहले गेंदबाज़ी करने का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सीतामढ़ी की टीम 27.2 ओवर में 135 रनों पर सिमट गई। सीतामढ़ी के लिए मोहम्मद अफजल आलम ने 60 गेंदों में 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 56 रनों की प्रभावी पारी खेली। उनके अलावा उत्कर्ष कुमार पाठक ने 14, अक्षत शिव शंभू प्रसाद गुप्ता ने 10 और आलोक कुमार सिंह ने 11 रन बनाए।

भोजपुर की ओर से मोहित जयकुमार की गेंदबाज़ी प्रभावशाली रही। उन्होंने 9.2 ओवर में एक मेडन सहित 35 रन देकर 5 विकेट चटकाए। वहीं अर्चित मुकेश कश्यप ने 6 ओवर में 38 रन देकर 2 विकेट, शिवम सुजीत सिंह ने 4 ओवर में 1 मेडन के साथ 15 रन देकर 1 विकेट, हिमांशु नित्यानंद सिंह ने 6 ओवर में 40 रन देकर 1 विकेट और शिवम संजय सिंह ने 2 ओवर में मात्र 2 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।
136 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भोजपुर ने 43.3 ओवर में 7 विकेट पर 137 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। टीम के लिए कप्तान ऋषभ विपिन पाण्डेय ने 26 रन, शिवम सुजीत सिंह ने 35 रन, रित्विज राज सिंह ने 15 रन, अरुण विजय सिंह ने 11 रन और अंत में शिवम संजय सिंह ने नाबाद 12 रनों की पारी खेली, जिससे टीम को जीत हासिल करने में मदद मिली।
सीतामढ़ी की ओर से गेंदबाज़ी में कप्तान वैभव विवेक मिश्रा ने 10 ओवर में 4 मेडन सहित 16 रन देकर 1 विकेट, आयुष मुकेश कुमार ने 10 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट और आलोक कुमार सिंह ने 6.3 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट लिए।
यह जीत भोजपुर को प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचाने के साथ ही टीम के सामूहिक प्रदर्शन की पुष्टि करती है।



Post Comment