Loading Now
×

BCA महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी: टीम F और टीम H ने दर्ज की जीत

पटना, 11 जून। मोईन-उल-हक़ स्टेडियम में बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी 2024-25 के अंतर्गत बुधवार को खेले गए दोनों मुकाबलों में टीम F और टीम H ने अपने-अपने मैच जीत लिए। जहां पहले मुकाबले में टीम F ने टीम G को 28 रनों से हराया, वहीं दूसरे मैच में टीम H को टीम E पर 3 रनों से कड़ा संघर्षपूर्ण जीत हासिल हुई।

*पहला मुकाबला: टीम F बनाम टीम G*

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लेने वाली टीम G के सामने टीम F ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 109 रन बनाए। टीम की ओर से नंदिनी पंडित ने 47 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 44 रन बनाकर पारी को मजबूती दी, जबकि कप्तान अनन्या तिवारी और निकक्षा वल्स ने क्रमश: 13 और 17 रनों का योगदान दिया।

गेंदबाजी में टीम G की ओर से कुमारी तापसी ने 4 ओवर में 1 मेडन सहित 20 रन देकर 1 विकेट लिया। साक्षी कुमारी ने 2 विकेट झटके, जबकि नंदनी और लक्की कुमारी को एक-एक सफलता मिली।

जवाब में टीम G की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और पूरी टीम 16.2 ओवर में 81 रन पर सिमट गई। कप्तान स्वर्णिमा चक्रवर्ती और साक्षी कुमारी ही केवल दहाई का आंकड़ा छू सकीं। बाकी बल्लेबाज टीम F के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती रहीं।

टीम F की ओर से कप्तान अनन्या तिवारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 1 रन देकर 3 विकेट लिए। प्रिया और बबली ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि सोनल और नंदनी पंडित ने भी उपयोगी योगदान दिया।

इस प्रकार, टीम F ने यह मुकाबला 28 रनों से अपने नाम किया।

*दूसरा मुकाबला: टीम H बनाम टीम E*

दोपहर बाद खेले गए दूसरे मुकाबले में टीम H ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 121 रन बनाए। कप्तान गीतांजलि ने 57 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 47 रन की प्रभावी पारी खेली, जबकि साधना भारती ने तेज गति से नाबाद 26 रन बनाए।टीम E की गेंदबाजी में अनुष्का सिंह, कप्तान प्राची और रिया सिंह को 1-1 सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम E ने सधी हुई शुरुआत की और अंत तक मुकाबले में बनी रही। नेहा चौधरी ने 16 रन, जबकि मुस्कान वर्मा (नाबाद 38) और अर्चना ठाकुर (नाबाद 35) ने अंतिम ओवरों तक संघर्ष किया। हालांकि टीम निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 118 रन ही बना सकी और 3 रनों से मुकाबला हार गई।

टीम H की ओर से तान्या मिश्रा ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में मात्र 6 रन देकर 1 विकेट लिया, वहीं सेजल को भी एक विकेट मिला।इस रोमांचक मुकाबले में टीम H को 3 रनों की जीत हासिल हुई।

Post Comment