किलकारी बॉल बैडमिंटन प्रीमियर लीग शुरू
- पहले मैच में किलकारी चैलेंजर्स ने वारियर्स को हराया
पटना : किलकारी बिहार बाल भवन,पटना के तत्वावधान में द्वितीय किलकारी बॉल बैडमिंटन प्रीमियर लीग आज से किलकारी स्थित बॉल बैडमिंटन कोर्ट पर शुरू हुआ। लीग के पहले मैच में राष्ट्रीय खिलाड़ियों से सुसज्जित किलकारी चैलेंजर्स ने किलकारी वारियर्स को लगातार दो सेटों में 35-31,35-29 से पराजित कर विजय अभियान प्रारंभ किया।
दूसरे मैच में किलकारी लायंस ने किलकारी पाइरेट्स को 35-27,35-29 से हराया। किलकारी चैलेंजर्स की ओर अंजली,गंगा,भोला ने व किलकारी वारियर्स की ओर से पीहू,आसमां ने एवं दूसरे मैच में किलकारी लायंस की ओर से खुशी,नैना ने व किलकारी पाइरेट्स की ओर से रौनक,राजनंदनी ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया।

इससे पूर्व तीन दिवसीय इस बॉल बैडमिंटन प्रीमियर लीग का विधिवत उदघाटन उप सचिव उद्योग विभाग बिहार सरकार राज कुमार यादव एवं मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महामंत्री भाजपा ओबीसी मोर्चा डॉ.निखिल आनंद ने संयुक्त रूप से गुब्बारा उड़ाकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उदघटनकर्त्ता राज कुमार यादव के खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य हीं धन है। आप फीट रहेंगे तभी सभी जगह हीट रहेंगे।
खेलकूद मनुष्य के सर्वांगीण विकास के लिए अतिआवश्यक है। बॉल बैडमिंटन खेल व खिलाड़ियों को हर संभव आवश्यक मदद करने का आश्वासन दिया। जबकि मुख्य अतिथि डॉ.निखिल आनंद ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रशिक्षक द्वारा सिखाये गये बातों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए जिससे लक्ष्य की प्राप्ति हो सके। अब खेल रोजगार का साधन हो गया है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी दी जा रही है। किलकारी बिहार बाल भवन के कार्यों की सराहना करते हुए यह भी कहा कि किलकारी के बच्चे बॉल बैडमिंटन सहित अन्य खेलों में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित किया है।
तन और मन दोनों स्वस्थ्य रखने के लिए खेलकूद की अतिआवश्यकता है। अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह प्रदान कर बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर ने एवं धन्यवाद ज्ञापन पटना जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव डॉ.अरुण दयाल ने किया। मंच संचालन बिहार बॉल बैडमिंटन संघ की संयुक्त सचिव मिताली मित्रा ने किया। इस अवसर पर राज्य संघ के सदस्य पुष्कर देव,अलाउद्दीन अंसारी,शिव नारायण पाल,आंध्रप्रदेश के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक मोहन राव कोडी,किलकारी के प्रशिक्षक राहुल कुमार,राष्ट्रीय खिलाड़ी बादल कुमार, आकाश कुमार,रवि रंजन, शशिकांत,मोनू कुमार सहित अनेक खेलप्रेमी उपस्थित थे। प्रीमियर लीग के मैच कल सुबह 6 से 10 बजे तक खेले जायेंगे।



Post Comment