Loading Now
×

पूर्णिया जिला क्रिकेट संघ की नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित, क्रिकेटरों के सुनहरे भविष्य का लिया संकल्प

पूर्णिया, 7 सितंबर।रविवार को स्थानीय स्टेशन क्लब, चैंबर्स ऑफ़ कॉमर्स परिसर (नियर पंचमुखी मंदिर) खेल प्रेमियों के उत्साह और खिलाड़ियों की उम्मीदों का गवाह बना। यहीं पर बिहार क्रिकेट संघ के निर्देशानुसार पूर्णिया जिला क्रिकेट संघ की वार्षिक आम सभा (AGM) और नई कार्यकारिणी का चुनाव विधिवत एवं समयानुसार संपन्न हुआ।

चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और निर्विवाद बनाए रखने के लिए बिहार क्रिकेट संघ की ओर से अधिवक्ता संतोष कुमार सिंह को निर्वाचन पदाधिकारी और अररिया जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पी.के. विश्वास को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था।

निर्विरोध चुनाव – एकमत सहमति का संदेश

निर्धारित समय सीमा तक पाँच पदों – अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष – के लिए केवल एक-एक नामांकन ही प्राप्त हुआ। लिहाज़ा सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए।

नवनिर्वाचित पदाधिकारी इस प्रकार हैं–

  • अध्यक्ष – जयंत कुमार
  • उपाध्यक्ष – पंकज कुमारी
  • सचिव – ज्ञानवर्धन
  • संयुक्त सचिव – दिग्विजय सिंह
  • कोषाध्यक्ष – मनजीत राज

निर्विरोध परिणाम सामने आते ही जिले के क्रिकेट जगत में नई ऊर्जा महसूस की गई। खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई कि अब पूर्णिया क्रिकेट को संगठित नेतृत्व और मजबूत आधार मिलेगा।

अध्यक्ष का विज़न – नई ऊँचाइयों तक ले जाने का वादा

नवनिर्वाचित अध्यक्ष जयंत कुमार ने कहा,“यह पद केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूर्णिया के क्रिकेटरों के सपनों को साकार करने का माध्यम है। हमारा लक्ष्य है कि जिले में मजबूत संरचना, नियमित टूर्नामेंट और प्रोफ़ेशनल ट्रेनिंग कैंप्स आयोजित हों, ताकि खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर मिले।”

सचिव का संकल्प – संस्थागत कमी को दूर करना

सचिव ज्ञानवर्धन ने कहा कि जिले के खिलाड़ी कई बार राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं, लेकिन संस्थागत सहयोग की कमी हमेशा महसूस होती रही। नई समिति इस कमी को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाएगी।

खेलप्रेमियों में उम्मीद – “अब मिलेगा संगठित नेतृत्व”

चुनाव के बाद ग्रामीण और शहरी इलाकों से लोगों की प्रतिक्रियाएँ सामने आईं।

स्थानीय खेलप्रेमीयों ने कहा, “पूर्णिया हमेशा क्रिकेट प्रतिभाओं की धरती रहा है।हमें उम्मीद हीं नहीं पूरा भरोसा है कि नई कमेटी पूर्णिया क्रिकेट एवं क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी।”

अगला कदम – वार्षिक खेल कैलेंडर जारी

नई कार्यकारिणी ने घोषणा की कि अगले माह तक वार्षिक खेल कैलेंडर जारी किया जाएगा। इसमें प्रतियोगिताएँ, प्रशिक्षण शिविर और चयन प्रक्रिया का स्पष्ट खाका होगा। इससे खिलाड़ियों को तैयारी का पूरा समय मिलेगा और चयन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी।

Post Comment