Loading Now
×

महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी: तमिलनाडु ने बिहार को 10 विकेट से हराया

पटना : महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी (एलीट ग्रुप) के तहत आज गारवेयर क्रिकेट ग्राउंड, औरंगाबाद में बिहार और तमिलनाडु की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। लगातार हो रही बारिश के कारण यह मैच 6-6 ओवरों का निर्धारित किया गया था। बारिश के कारण मैदान गीला रहने से खेल देर से प्रारंभ हुआ।

 

टॉस जीतकर बिहार ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और निर्धारित 6 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 30 रन बनाए। बिहार की कप्तान अक्षरा गुप्ता ने 19 गेंदों पर 17 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि नंदिनी यादव ने 14 गेंदों पर 7 रन का योगदान दिया। विकेटकीपर नेहा चौधरी ने एक गेंद पर 3 रन बनाकर पारी समाप्त की। वहीं प्रतिभा सहनी और स्वीटी कुमारी क्रमशः 0 और 1 रन बनाकर आउट हुईं।

 

तमिलनाडु की ओर से सोनिका ने 2 ओवर में 8 रन देकर 2 विकेट हासिल किए और योहंया एम ने एक ओवर में 6 रन देकर एक विकेट लिया।

 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु की टीम ने मात्र 2.5 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 31 रन बनाकर जीत दर्ज की। कप्तान जी. कमलिनी ने 12 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 21 रन बनाए, जबकि वार्षिणी जी ने 5 गेंदों पर 8 रन का योगदान दिया।

 

तमिलनाडु ने यह मुकाबला 10 विकेट से अपने नाम किया। लगातार बारिश से मैच की परिस्थितियाँ खिलाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण रहीं, जिससे बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को अपने स्वाभाविक खेल का प्रदर्शन करने का पूरा अवसर नहीं मिल सका।

Post Comment