Loading Now
×

अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी: आकाश राज का शतक गया बेकार, उत्तराखंड ने बिहार को 22 रनों से हराया

9 नवम्बर 2025: पुरुष अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी के मुकाबले में आज बिहार का सामना उत्तराखंड से उषा मार्टिन ग्राउंड, रांची में हुआ। इस एकदिवसीय मैच में बिहार ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए कड़े संघर्ष के बावजूद 22 रनों से यह मुकाबला गंवा दिया।

 

पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड की टीम 48.1 ओवर में 278 रनों पर ऑलआउट हुई। उत्तराखंड की ओर से उत्कर्ष ने 74 गेंदों में 72 रन, संस्कार रावत ने 47 गेंदों पर 64 रन और एलन ने 46 गेंदों पर 47 रन बनाए। वहीं बिहार की ओर से सुमन कुमार ने 10 ओवर में 44 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा वासुदेव प्रसाद सिंह ने 7 ओवर में 62 रन देकर 3 विकेट, सुधांशु कुमार ने 4.1 ओवर में 28 रन देकर 1 विकेट और उत्कर्ष कुमार ने 9 ओवर में 48 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। बिहार के गेंदबाजों ने मध्य ओवरों में लगातार विकेट निकालकर मैच को संतुलित बनाए रखा।

 

278 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार टीम ने संयमित बल्लेबाजी की। टीम की ओर से आकाश राज ने 119 गेंदों पर 117 रनों की प्रभावी पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल थे। वहीं कुमार श्रेय ने 45 रन (53 गेंद, 5 चौके, 1 छक्का) और कप्तान पृथ्वी राज ने 31 रन (46 गेंद, 2 चौके) का योगदान दिया। बिहार के लिए नामन गौरव ने 22, अंकुश ने 7, हरशित ने 9, आदित्य राज ने 10, और उत्त्कर्ष कुमार ने 5 रन बनाए।

 

बिहार की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 256 रन बनाए। लक्ष्य से 22 रन दूर रह जाने के बावजूद टीम ने पूरे मैच में संघर्ष की भावना बनाए रखी। उत्तराखंड की ओर से देवंश ने 7 ओवर में 47 रन देकर 3 विकेट लिए जबकि तुषार और अनमोल ने 2-2 विकेट चटकाए।

 

बिहार की पारी के दौरान आकाश राज और पृथ्वी राज के बीच चौथे विकेट के लिए 78 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसने टीम को मजबूती प्रदान की। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद टीम ने मध्य ओवरों में अच्छी वापसी की।

 

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने पूरे जोश और रणनीति के साथ खेल दिखाया। आगामी मुकाबलों में बेहतर परिणाम की उम्मीद व्यक्त की गई है।

 

 

Post Comment