Loading Now
×

रणजी ट्रॉफी : तीसरे दिन के खेल के बाद बिहार सिक्किम से 16 रन पीछे

पटना : रंगपो(सिक्किम ) में खेले जा रहे र

णजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप के मुकाबले में तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक बिहार ने अपनी दूसरी पारी में 50 ओवर में 3 विकेट पर 148 रन बना लिए हैं। अब बिहार सिक्किम से केवल 16 रन पीछे है।

 

इससे पहले सिक्किम की टीम ने पहली पारी में 429 रन बनाकर 164 रनों की बढ़त हासिल की थी। सिक्किम की ओर से क्रांथि कुमार ने 243 गेंदों में 137 रन बनाए, जबकि रॉबिन लिम्बू ने 91 और गुरिंदर सिंह ने 68 रन का योगदान दिया।

बिहार की ओर से सुरज कश्यप सबसे प्रभावी गेंदबाज रहे, जिन्होंने 51 ओवर में 142 रन देकर 4 विकेट लिए। शुभम और हिमांशु सिंह ने 2-2 विकेट प्राप्त किए, जबकि अमोद यादव को 1 सफलता मिली तथा साकिब हुसैन ने 15 ओवर में मात्र 29 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

 

पहली पारी में बिहार की टीम 265 रन पर सिमटी थी। इसके बाद दूसरी पारी में टीम ने संयमित शुरुआत की। ओपनर महरूर ने 95 गेंदों पर 59 रन की प्रभावी पारी खेली, जबकि स्रमन निग्रोध ने 89 गेंदों में 45 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच 109 रनों की मजबूत साझेदारी रही जिसने टीम को स्थिरता प्रदान की। कप्तान साक़ीबुल गनी ने 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दिन का खेल समाप्त होने तक आयुष लोहरूका 23 और कुमार रजनीश 0 रन पर नाबाद रहे।

सिक्किम की ओर से गेंदबाजी में ली योंग लेपचा, क्रांथि कुमार और पल्जोर को एक-एक विकेट मिला।

तीसरे दिन के अंत तक मैच संतुलित स्थिति में है। बिहार को अब बढ़त हासिल करने के साथ-साथ लंबी साझेदारियाँ निभाने की आवश्यकता होगी ताकि टीम मुकाबले में निर्णायक स्थिति में पहुँच सके। चौथे दिन का खेल मैच के परिणाम को तय करने में महत्वपूर्ण रहेगा।

 

Post Comment