कूच बिहार ट्रॉफी एलीट : सागर में पहले दिन बिहार पिछड़ी, MP ने 34 रन की बढ़त बनाई
पटना : कूच बिहार ट्रॉफी एलीट के तहत एमपीसीए क्रिकेट ग्राउंड, सागर में खेले जा रहे मुकाबले में पहले दिन का खेल बिहार के लिए चुनौतीपूर्ण रहा, जहां टीम अपनी पहली पारी में 41. 2 ओवर में 130 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में मध्य प्रदेश ने 50 ओवर में 164/9 का स्कोर बनाते हुए 34 रन की बढ़त हासिल कर ली। पहले दिन की खेल समाप्ति तक मैच का रुख मध्य प्रदेश की ओर झुका रहा, लेकिन बिहार की गेंदबाज़ी ने सकारात्मक असर छोड़ा।

बिहार की शुरुआत उम्मीद के अनुरूप नहीं रही। कप्तान और विकेटकीपर तौफीक तथा आयुष रवि शंकर जल्दी पवेलियन लौट गए, जिसके बाद यश प्रताप ने जिम्मेदारी संभालते हुए 60 रन की प्रभावी पारी खेली। उन्होंने 66 गेंदों पर 7 चौके और 4 छक्कों के साथ लगाकर टीम के लिए सर्वोच्च स्कोरर बनाया। हालांकि दूसरे छोर से सहायता नहीं मिल सकी और एक समय 86/5 के बाद पूरी टीम 41.2 ओवर में 130 रन पर आउट हो गई। मोहित कुमार ने 14 रन का योगदान दिया, जबकि प्रीतम राज, सतीश, प्रियंशु और अन्य बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुँच सके। टीम की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी 50 रन की रही।

मध्य प्रदेश की ओर से मनल चौहान ने 17 ओवर में 4 मेडन डालते हुए 52 रन देकर 4 विकेट लेते हुए सबसे प्रभावी प्रदर्शन किया। यशबर्धन सिंह चौहान ने अपनी नियंत्रित गेंदबाज़ी से 16 ओवर 7 मेडन 31 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि गिरराज शर्मा को 2 सफलताएँ मिलीं।
मध्य प्रदेश के लिए कप्तान मनल चौहान ने 41 रन बनाए। इसके अलावा हर्षित यादव ने 40, जबकि यशबर्धन सिंह ने 22 रन बनाकर टीम को स्थिरता दी। निचले क्रम में युवराज सिंह कंग 13 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को पहले दिन के अंत में बढ़त तक पहुँचाया।
बिहार की ओर से गेंदबाज़ी ने टीम को मुकाबले में बनाए रखा। यश प्रताप ने पहले विकेट के रूप में महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। सत्यम कुमार की लाइन-लेंथ प्रभावी रही, जिन्होंने 10 ओवर में 3 विकेट लेकर मध्यक्रम पर दबाव बनाया। योगेश्वर कुमार ने अपनी स्पेल में सबसे प्रभावी गेंदबजी करते हुए 21 ओवर में 1 मेडन डालते हुए 58 रन देकर 4 विकेट लेकर MP की पारी को रोकने में अहम भूमिका निभाई।
पहले दिन का खेल समाप्त होने तक मध्य प्रदेश 34 रन की बढ़त के साथ मजबूत स्थिति में दिखी, जबकि बिहार को दूसरे दिन शुरुआती सफलताओं की तलाश रहेगी ताकि मैच में वापसी की जा सके।



Post Comment