विजय मर्चेंट ट्रॉफी: छत्तीसगढ़ ने 390 रनों पर पारी की घोषित, बिहार 23/1
पटना : विजय मर्चेंट ट्रॉफी एलीट के अंतर्गत कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम, ग्वालियर में खेले जा रहे अंडर 16 मुकाबले के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। स्टंप्स तक छत्तीसगढ़ ने पहली पारी 120.5 ओवर में 390 रन पर 9 विकेट पर घोषित कर दी, जबकि बिहार टीम दूसरी पारी में 8 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 23 रन बना चुकी है। दूसरे दिन के अंत में बिहार 244 रन से पीछे चल रही है।

ज़वाब में खलने उतरी छत्तीसगढ़ की पहली पारी में तुष्या प्रजापति ने 264 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 103 रन बनाए। रनवीर चड्ढा ने 91 गेंदों पर 71 रन, प्रतीक गांधीर्व ने 92 गेंदों पर 69 रन, अंशुमान ठाकुर ने 81 गेंदों पर 42 रन और उज्ज्वल कुमार मरकाम ने 64 गेंदों पर 38 रन का योगदान दिया। टीम ने कुल 20 अतिरिक्त रन जोड़े।

बिहार की गेंदबाजी में अंश अर्मान ने 33.5 ओवर में 10 मेडन 98 रन देकर 4 विकेट झटके। मनदीप कुमार ग्यानी ने 23 ओवर में 3 मेडन 75 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि विवेक आनंद ने 24 ओवर में 8 मेडन 67 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।
इससे पहले बिहार की पहली पारी 46.1 ओवर में 123 रन पर सिमट गई थी। जवाब में दूसरी पारी की शुरुआत में बिहार को पहला झटका अरनव तिवारी के रूप में लगा, जो बिना खाता खोले आउट हो गए। दिन का खेल समाप्त होने तक अभिनव सिन्हा 19 गेंदों पर 9 रन और राजवीर आर शर्मा 24 गेंदों पर 6 रन बनाकर नाबाद हैं। बिहार की दूसरी पारी का स्कोर 1 विकेट पर 23 रन रहा, जिसमें आठ अतिरिक्त रन शामिल हैं।
मैच का तीसरा दिन कल खेला जाएगा, जहां बिहार टीम दूसरी पारी में रन बढ़ाकर अंतर को कम करने और मुकाबले में मजबूती से बने रहने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।



Post Comment