कूच बिहार ट्रॉफी :मो.आलम के शतक से बिहार(345/6)हुआ मजबूत,अभी भी 196 रन पीछे हरियाणा से
पटना 10 दिसंबर 2025 : कूच बिहार ट्रॉफी एलीट के तहत मोइन-उल-हक स्टेडियम, पटना में खेले जा रहे यूथ फर्स्ट क्लास मुकाबले के तीसरे दिन बिहार टीम ने पहली पारी में प्रभावी बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 345 रन बना लिए हैं। दिन का खेल समाप्त होने तक बिहार 196 रन से पीछे चल रहा है।

इससे पहले हरियाणा ने अपनी पहली पारी 145.4 ओवर में 541 रन पर 9 विकेट घोषित की थी। इसके जवाब में बिहार की पहली पारी में तीसरे दिन बल्लेबाजों ने लय और धैर्य का परिचय दिया। आयुष रवि शंकर ने 152 गेंदों पर 115 रन की प्रभावी पारी खेली, जिसमें 15 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनके अलावा एमडी आलम ने 229 गेंदों पर 13 चौका लगाकर 102 रन बनाकर पारी को मजबूती दी। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी ने बिहार को बड़े स्कोर की ओर ले जाने में अहम भूमिका निभाई।

कप्तान तौफिक ने 14 रन बनाए, जबकि यश प्रताप ने 17 रन का योगदान दिया। दीपेश गुप्ता ने 111 गेंदों पर 29 रन जोड़े। दिन का खेल समाप्त होने तक सार्थक झा 25 रन बनाकर नाबाद हैं और उनके साथ मोहित कुमार खाता खोले बिना क्रीज पर मौजूद हैं। बिहार की पारी में 29 अतिरिक्त रन जुड़े।
हरियाणा की ओर से विष्णु चौधरी और तनमय बलोदा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि आरव जेफ ने भी दो सफलताएं हासिल कीं।
तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद मुकाबले में अभी परिणाम तय होना बाकी है। मैच का चौथा और अंतिम दिन बुधवार को खेला जाएगा, जहां बिहार की कोशिश शेष विकेटों के साथ रन जोड़कर मुकाबले को अपने पाल्ले में करने या अंतिम सत्र तक खींचने की रहेगी।



Post Comment