बीहट की बेटी मुस्कान कुमारी बनी सेपक टकरा की राष्ट्रीय खिलाड़ी
बेगूसराय।“यदि हौसले बुलंद हों और मार्गदर्शन सही मिले, तो साधन सीमित होने के बावजूद प्रतिभा राष्ट्रीय फलक पर चमक सकती है”—इस कथन को चरितार्थ कर दिखाया है बीहट, बेगूसराय की बेटी मुस्कान कुमारी ने। मुस्कान का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय अंडर-19 बालिका सेपक टकरा चैंपियनशिप 2025 के लिए बिहार टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता राजस्थान के जोधपुर में आयोजित की जा रही है।

मुस्कान कुमारी मध्य विद्यालय, बीहट की पूर्ववर्ती छात्रा हैं तथा वर्तमान में महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बीहट में कक्षा 10 की छात्रा हैं। खेल जगत में उनका प्रवेश एथलेटिक्स के माध्यम से हुआ, किंतु उनकी असाधारण फुर्ती, संतुलन और अदम्य जुझारूपन ने उन्हें सेपक टकरा जैसे कठिन और तकनीकी खेल में विशिष्ट पहचान दिलाई।
मध्य विद्यालय, बीहट स्थित मेजर ध्यानचंद क्रीड़ा परिसर में अभ्यास सत्र के दौरान मुस्कान की प्रतिभा ने जिला सेपक टकरा संघ के सचिव सह प्रशिक्षक श्री विकाश कुमार का ध्यान आकर्षित किया। कोच के सतत मार्गदर्शन, अनुशासनबद्ध प्रशिक्षण और मुस्कान की अथक मेहनत ने अल्प समय में उन्हें जिला, राज्य और अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा दिया।

जिला सेपक टकरा संघ के सचिव सह कोच श्री विकाश कुमार ने बताया कि बिहार की 15 सदस्यीय टीम के अंतिम 5 खिलाड़ियों में चयनित मुस्कान पूरे मुंगेर प्रमंडल की एकमात्र खिलाड़ी हैं। इससे पूर्व बेगूसराय में आयोजित राज्य स्तरीय (स्कूल गेम्स) प्रतियोगिता में उन्होंने स्वर्ण पदक, जबकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रमाण दिया था। इन्हीं शानदार प्रदर्शनों के आधार पर उनका चयन बिहार टीम में किया गया।
बेगूसराय जिला सेपक टकरा संघ की अध्यक्ष श्रीमती अनुपमा सिंह ने कहा कि मुस्कान की सफलता ग्रामीण अंचलों की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह उपलब्धि स्पष्ट संदेश देती है कि यदि बेटियों को अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन मिले, तो वे खेल के क्षेत्र में भी राज्य और देश का नाम रोशन कर सकती हैं। मुस्कान का चयन “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” अभियान की सशक्त और जीवंत मिसाल है।
मुस्कान कुमारी, स्वर्गीय राजकुमार सिंह की सुपुत्री हैं। उनकी माता श्रीमती बेबी देवी हैं। वे टोला असरहपुर, वार्ड संख्या–25, बीहट की निवासी हैं। चार भाई-बहनों वाले परिवार में मुस्कान तीसरे स्थान पर हैं (तीन बहनें एवं एक भाई)।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए मुस्कान अपने कोच ममता सिंह के साथ जोधपुर के लिए रवाना हो चुकी हैं। जहां शाला क्रीड़ा संगम गोशाला मैदान जोधपुर में दिनांक 16 से 22 दिसंबर तक की प्रतियोगिता में अपने निर्धारित शड्यूल के अनुसार भाग लेगी ।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री मनोज कुमार, जिला खेल पदाधिकारी श्री बिट्टू कुमार, नगर परिषद बीहट की मुख्य पार्षद श्रीमती बबीता कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री अनुरंजन कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी श्री सुभाष कुमार, मध्य विद्यालय बीहट के प्रधानाध्यापक श्री रंजन कुमार, जिला सेपकटकरा संघ बेगूसराय की अध्यक्ष, अनुपमा सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं खेलप्रेमियों ने मुस्कान को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।



Post Comment