अररिया जिला क्रिकेट लीग में F.C.A ने A.C.A को 75 रनों से रौंदा
अररिया: स्थानीय अररिया काँलेज मैदान पर जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित भागीरथी गंगा लीग मैच कांसम ट्राफी सीनियर डिवीजन के पांचवें मैच में F.C.A ने शानदार खेल दिखाते हुए A.C.A को 75 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी F.C.A की टीम ने बोर्ड पर एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में A.C.A की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।

F.C.A ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 28.1 ओवरों में सभी विकेट खोकर 192 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज दीपक देव ने आक्रामक रुख अपनाते हुए मात्र 35 गेंदों में 53 रनों की शानदार पारी खेली। आदित्य राज ने भी 34 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

A.C.A की ओर से गेंदबाजी में आयुष गुप्ता और फौजान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट चटकाए, जबकि उज्ज्वल राज को 2 सफलताएं मिलीं।

193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी A.C.A की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। हालांकि, उज्ज्वल राज ने एक छोर संभाले रखा और 72 गेंदों में 54 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। पूरी टीम 31.1 ओवरों में मात्र 117 रनों पर सिमट गई।
गेंदबाजी में चमके उत्तम और आर्यन
F.C.A की जीत के असली हीरो उनके गेंदबाज रहे। आर्यन राज ने 16 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं, उत्तम कुमार ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 3 मेडन डाले और मात्र 10 रन देकर 2 विकेट झटके। उनके इस शानदार स्पेल के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। अभिषेक कुमार ने भी 2 विकेट लेकर जीत में भूमिका निभाई।
मैच अधिकारी:
अंपायर: अशोक मिश्रा एवं अनामी शंकर
स्कोरर: पंकज कुमार
इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य राजेंद्र प्रसाद यादव, ओम प्रकाश जयसवाल, चांद आज़मी, अश्वनी, ग्राउंड्स मैन राजेश आदि उपस्थित थे।



Post Comment