महिला अंडर-15 वनडे ट्रॉफी एलीट: तमिलनाडु ने बिहार को हराया
पटना : महिला अंडर 15 वनडे ट्रॉफी एलीट के अंतर्गत गुरुवार, 8 जनवरी 2026 को तिरुवनंतपुरम स्थित सेंट जेवियर्स केसीए क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में बिहार महिला अंडर 15 टीम को तमिलनाडु के खिलाफ 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार की टीम ने 35 ओवर में 9 विकेट पर 76 रन बनाए। टीम की ओर से तेजस्वानी ने 76 गेंदों में 38 रन की पारी खेली, जिसमें पांच चौके शामिल रहे। संस्कृति 6 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि अनु सिंह कुशवाहा ने 8 गेंदों में 8 रन जोड़े। बल्लेबाजी के दौरान बिहार नियमित अंतराल पर विकेट गंवाता रहा, जिससे रन गति पर असर पड़ा।

तमिलनाडु की गेंदबाजी में असरंखा एस. ने 6 ओवर में 5 रन देकर 5 विकेट हासिल किए, जिससे बिहार की पारी को सीमित स्कोर पर रोक पाने में तमिलनाडु सक्षम रही। हंसिका, रिथिका, योहिता और श्रिया को एक-एक विकेट मिला। बाकि अन्य गेंदबाजों ने भी अनुशासित लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए दबाव बनाए रखा।
76 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तमिलनाडु की टीम ने 14.2 ओवर में 1 विकेट खोकर 78 रन बना लिए। योहिता ने 42 गेंदों में 37 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि कप्तान हंसिका पी. ने 38 गेंदों में 21 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच 70 रन की साझेदारी हुई।

बिहार की ओर से वैष्णवी सिंह ने एक मात्र विकेट लिया। बाकि किसी भी गेंदबाज को विकेट के रूप में सफलता हाथ नहीं लगी। इस मुकाबले में बिहार की टीम को बल्लेबाजी में बेहतर तालमेल और साझेदारियों की कमी खली। आने वाले मैचों में टीम इन पहलुओं पर ध्यान देते हुए सुधार के साथ मैदान पर उतरने का प्रयास करेगी।



Post Comment