Loading Now
×

वैशाली में पहली बार डे-नाईट जिला क्रिकेट लीग का आगाज,चैंपियन क्रिकेट अकादमी सराय जीता

वैशाली:  क्रिकेट इतिहास का स्वर्णिम अध्याय पहली बार जिला स्तर पर डे-नाइट लीग मैच का हुआ आगाज.चैंपियन क्रिकेट अकादमी सराय की 44 रनों से शानदार जीत।

वैशाली जिला क्रिकेट संघ के तत्वाधान में बिहार क्रिकेट अकादमी बिदुपुर के मैदान पर आयोजित राजीव प्रताप मेमोरियल वैशाली जिला क्रिकेट लीग का उद्घाटन मुकाबला न केवल रोमांचक रहा, बल्कि यह बिहार क्रिकेट के इतिहास में एक ऐतिहासिक दिन के रूप में दर्ज हो गया।

इस अवसर पर क्रिकेट खिलाड़ी को पहली बार जिला स्तर पर डे-नाइट लीग मैच खेलने का मौका मिला, जिसने आयोजन को यादगार बना दिया।

उद्घाटन मुकाबला चैंपियन क्रिकेट अकादमी सराय और भास्कर फाउंडेशन हाजीपुर के बीच खेला गया। शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन क्रिकेट अकादमी ने भास्कर फाउंडेशन को 44 रनों से पराजित कर उद्घाटन मैच में शानदार जीत दर्ज की। दूधिया रोशनी में खेले गए इस मुकाबले ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा और मैदान पर उत्साह का माहौल बना रहा।

भव्य उद्घाटन समारोह

मैच का उद्घाटन वैशाली के पूर्व सांसद रामा किशोर सिंह, जिला क्रिकेट संघ के विजय कुमार, पुष्कर प्रकाश कुमार सिंह तथा अंडवाड़ा पंचायत के मुखिया पंकज शर्मा राजीव कुमार के द्वारा किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और जिला क्रिकेट संघ की इस ऐतिहासिक पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। सभी अतिथियों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण और जिला स्तर के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतरीन मंच मिलता है।

टॉस और पहली पारी का रोमांच

टॉस भास्कर फाउंडेशन के कप्तान सत्यम राज ने जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी चैंपियन क्रिकेट अकादमी सराय की शुरुआत सामान्य रही और सलामी बल्लेबाज गौतम 13 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद क्रीज पर आए रितिक रौशन ने शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश करते हुए मैच का रुख ही बदल दिया।

रितिक रौशन ने धैर्य, तकनीक और आक्रामकता का बेहतरीन मेल दिखाते हुए 98 रन नाबाद की शानदार पारी खेली। उनके साथ मध्यक्रम में अमन प्रताप (33 रन) और नवनीत राय (58 रन) ने उपयोगी और तेजतर्रार पारियां खेलीं। इन सभी बल्लेबाजों के सामूहिक प्रयास से चैंपियन क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 30 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 237 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

भास्कर फाउंडेशन की ओर से गेंदबाजी में सत्यम राज और सुजल ने एक-एक विकेट चटकाया, जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

लक्ष्य का पीछा और संघर्षपूर्ण प्रयास

238 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भास्कर फाउंडेशन की टीम दबाव में नजर आई। सलामी बल्लेबाज इशांत 5 रन और सौरभ 27 रन बनाकर आउट हो गए। मध्यक्रम में धवल ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए 86 रनों की आकर्षक पारी खेली और टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की। अंत में अंकित ने 30 रन नाबाद बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाजों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल सका। परिणामस्वरूप पूरी टीम निर्धारित 30 ओवर में 7 विकेट खोकर 193 रन ही बना सकी।

गेंदबाजों का अनुशासित प्रदर्शन

चैंपियन क्रिकेट अकादमी की जीत में गेंदबाजों का योगदान भी सराहनीय रहा।

उज्जवल प्रकाश और प्रांगण गुप्ता ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ी, जबकि अमन प्रताप, धीरज और नवनीत राय ने एक-एक विकेट हासिल किया।

मैन ऑफ द मैच और ऐतिहासिक उपलब्धि

शानदार बल्लेबाजी के लिए रितिक रौशन को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।

यह मुकाबला केवल एक जीत-हार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बिहार में जिला क्रिकेट लीग के स्तर पर डे-नाइट मैच की ऐतिहासिक शुरुआत के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और सभी ने इसे वैशाली क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

Post Comment