Loading Now
×

रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप का फाइनल बिहार बनाम मणिपुर का मुकाबला कल

पटना 21 जनवरी 2026 : BCCI द्वारा आयोजित घरेलु टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी 2025-26 के प्लेट ग्रुप का फाइनल मुकाबला बिहार और मणिपुर की टीमों के बीच 22 जनवरी 2026 से पटना स्थित मोईन-उल-हक़ स्टेडियम में खेला जाएगा। यह महत्वपूर्ण मुकाबला कल सुबह 09:00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें दोनों टीमें खिताब के लिए मैदान पर उतरेंगी।

इस फाइनल मुकाबले को लेकर बिहार क्रिकेट संघ द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैदान की पिच, आउटफील्ड और अभ्यास सुविधाओं पर विशेष रूप से ध्यान दिया गया है, ताकि खिलाड़ियों को खेल के लिए अनुकूल परिस्थितियां मिल सकें। इसके साथ ही मैच के सुचारु संचालन के लिए तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर भी समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।

बिहार क्रिकेट संघ का मानना है कि यह फाइनल मुकाबला खेल की दृष्टि से प्रतिस्पर्धात्मक रहेगा। बिहार और मणिपुर, दोनों ही टीमों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान अनुशासित और संतुलित प्रदर्शन किया है, जिसके आधार पर वे इस निर्णायक चरण तक पहुंची हैं। ऐसे में यह मुकाबला रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप के लिए विशेष महत्व रखता है।

उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई द्वारा आयोजित घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के ख़िताबी मुकाबले में बिहार की टीम ने मणिपुर को पराजित कर खिताब अपने नाम किया था। उस सफलता से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और अब रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप के फाइनल में भी बिहार की टीम पूरी रणनीति और तैयारी के साथ मणिपुर के खिलाफ मैदान पर उतरने के लिए तैयार है। टीम प्रबंधन और खिलाड़ी इस मुकाबले को लेकर केंद्रित हैं और खेल की हर परिस्थिति के अनुरूप प्रदर्शन करने का लक्ष्य रखे हुए हैं।

सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए बिहार क्रिकेट संघ ने स्पष्ट किया है कि मोईन-उल-हक़ स्टेडियम की दर्शक दीर्घा वर्तमान में दर्शकों के बैठने योग्य नहीं है। इसी कारण आम दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। मैच से संबंधित जानकारी और अपडेट्स BCCI.TV के माध्यम से उपलब्ध रहेंगे।

बिहार क्रिकेट संघ को विश्वास है कि यह फाइनल मुकाबला खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का संतुलित उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

Post Comment