शिवहर जिला क्रिकेट लीग में इलेवन स्टार क्रिकेट क्लब ने नेशनल क्रिकेट क्लब को 162 रनों से रौंदा।
शिवहर। आशुतोष नंदन सिंह मेमोरियल शिवहर जिला क्रिकेट लीग 2025-26 के सीनियर डिवीजन ग्रुप डी मुकाबले में गुरुवार को इलेवन स्टार क्रिकेट क्लब ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल क्रिकेट क्लब को 162 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। इलेवन स्टार के पहाड़ जैसे लक्ष्य के सामने नेशनल क्रिकेट क्लब की पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई।

ऋषि पराशर का बल्ला जमकर बोला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इलेवन स्टार क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 30 ओवरों में 9 विकेट खोकर 270 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से ऋषि पराशर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 66 गेंदों में 94 रनों की पारी खेली, जिसमें 13 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। इसके अलावा संचित ने 37 और विकाश कुमार ने 32 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। नेशनल क्रिकेट क्लब की ओर से अंश राज, अमन कुमार और निकेश कुमार ने 2-2 विकेट झटके।
पुष्कल सिंह की घातक गेंदबाजी के आगे सरेंडर।
271 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेशनल क्रिकेट क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही। इलेवन स्टार के गेंदबाज पुष्कल सिंह ने अपनी घातक गेंदबाजी से विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। पुष्कल ने घातक स्पेल डालते हुए 5 ओवर में 1 मेडन के साथ मात्र 21 रन देकर 6 विकेट चटकाए। नेशनल क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 17.3 ओवरों में मात्र 108 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से अमन कुमार (45 रन) के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिक कर नहीं खेल सका।
प्लेयर ऑफ द मैच
मैच में शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए पुष्कल सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, ऋषि पराशर को उनके बेहतरीन 94 रनों के लिए मैच का ‘सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज’ घोषित किया गया। इलेवन स्टार की इस बङी जीत से ग्रुप डी की अंक तालिका में उनकी स्थिति काफी मजबूत हो गयी है।
आजके मैच में अंपायरिंग संजय कुमार श्रीवास्तव और कुश कुमार ने की जबकि मैं ऑफ द मैच का पुरस्कार जिला के पूर्व सिनियर क्रिकेटर संजय पटेल जी द्वारा प्रदान किया गया।
कल का मैच न्यू स्टार क्रिकेट क्लब और गुरु द्रोण क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा।



Post Comment