पीडीसीए बना पूर्णिया जिला क्रिकेट लीग का चैंपियन
पूर्णिया : जिला क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बन गया, जहां पीडीसीसीबी और पीडीसीए के बीच खेला गया खिताबी मैच आखिरी ओवरों तक रोमांच से भरा रहा। टॉस पीडीसीसीबी के कप्तान रोशन सिंह धोनी ने जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पीडीसीसीबी की टीम 28.5 ओवर में 151 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से मनोज ने सर्वाधिक 39 रन बनाए, जबकि जियाउल हक ने 32, सूरज सुधांशु ने 28, समीर दत्ता ने 13 और अनिमेष शर्मा ने 10 रनों का योगदान दिया। पीडीसीए की ओर से गेंदबाजी में आकिब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं भास्कर दुबे और हमजा आरफीन ने 2-2 विकेट लिए, जबकि अमीर मसूद को 1 सफलता मिली।

152 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीडीसीए की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज आकिब मंजर और नितिन क्रमशः 4 और 8 रन बनाकर श्वेत सिंह का शिकार बन गए। इसके बाद भास्कर दुबे (22) और रितेश यादव (54) ने पारी को संभालते हुए टीम को मैच में मजबूती से वापस ला दिया। भास्कर के आउट होने के बाद कप्तान सरमन निग्रोध ने मोर्चा संभाला और 59 रनों की तेज तर्रार नाबाद पारी खेलते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी। सरमन ने विजयी छक्का लगाकर खिताब पर मुहर लगाई और जीत का जश्न खास अंदाज में मनाया।

फाइनल मुकाबले के साथ-साथ पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए पीडीसीए के खिलाड़ी आकिब को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम पीडीसीए को जिला खेल पदाधिकारी रविशंकर झा द्वारा ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता पीडीसीसीबी टीम को नारी शक्ति संगठन की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर फुटबॉल एसोसिएशन के पूर्व सचिव अजीत सिंह, फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव मनोज सिंह, एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव एम.एच. रहमान, आनंद फाउंडेशन के फाउंडर प्रीतम, वार्ड पार्षद नवल जायसवाल, गौतम वर्मा, डॉ. ब्यूटी, भवानीपुर प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि दीपक कुमार सुमन सहित पीडीसीए के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
मैच के सफल आयोजन में अंपायर विमल मुकेश व राघव ठाकुर, स्कोरर राहुल, कमेंटेटर राजन आनंद, हामिद राजा और भाग्यश्री की भूमिका भी सराहनीय रही।



Post Comment