बिहार क्रिकेट अकादमी ने प्रेसिडेंट इलेवन को 121 रनों से हराया
वैशाली: जिला क्रिकेट संघ के तत्वाधान में बिहार क्रिकेट अकादमी बिदुपुर में आयोजित राजीव प्रताप मेमोरियल वैशाली जिला क्रिकेट लीग के अंतर्गत बिहार क्रिकेट अकादमी और प्रेसिडेंट इलेवन के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में बिहार क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रेसिडेंट इलेवन को 121 रनों से पराजित किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिहार क्रिकेट अकादमी की टीम को सलामी बल्लेबाज आदित्य आनंद और तेजस्वी चौहान ने ठोस शुरुआत दिलाई। आदित्य आनंद ने शानदार 72 रन बनाए, जबकि तेजस्वी चौहान ने 67 रनों की पारी खेली।मध्यक्रम में अश्वनी ने 33 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके। बिहार क्रिकेट अकादमी की टीम ने निर्धारित 30 ओवर में 9 विकेट खोकर 243 रन बनाए।प्रेसिडेंट इलेवन की ओर से आर्यन और धर्मपाल ने 2-2 विकेट लिए, जबकि आदित्य शाह और अभिषेक को 1-1 विकेट मिला।

244 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेसिडेंट इलेवन की शुरुआत साधारण रही। सलामी बल्लेबाज निखिल ने 8 रन और हिमांशु ने 52 रनों की पारी खेली।मध्यक्रम में अभय ने 14 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और पूरी टीम 122 रन पर ऑलआउट हो गई।
बिहार क्रिकेट अकादमी की ओर से आदित्य आनंद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। मयंक शर्मा, अंशु और अंकित को 2-2 विकेट मिले।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए बिहार क्रिकेट अकादमी के आदित्य आनंद को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।चैंपियन क्रिकेट अकादमी ने यूथ क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से हराया।
क्रिकेट अकादमी ऑफ राज इलेवन के मैदान पर चैंपियन क्रिकेट अकादमी और यूथ क्रिकेट क्लब के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में चैंपियन क्रिकेट अकादमी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए यूथ क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से पराजित किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूथ क्रिकेट क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज आदर्श 6 रन और दक्ष 5 रन बनाकर आउट हो गए।मध्यक्रम में यशराज ने 40 रन, सूरज ने 22 रन और निशांत ने 18 रनों का योगदान दिया। यूथ क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 29 ओवर में 149 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।चैंपियन क्रिकेट अकादमी की ओर से उज्जवल प्रकाश ने 3 विकेट झटके। नवनीत को 2 विकेट मिले, जबकि शांतनु, धीरज और गौतम ने 1-1 विकेट हासिल किया।
150 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चैंपियन क्रिकेट अकादमी की टीम ने आसान जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज गौतम ने 47 रन और नवनीत ने 36 रन बनाए।मध्यक्रम में अमन ने नाबाद 47 रन और दिव्यांशु ने नाबाद 4 रन बनाए। चैंपियन क्रिकेट अकादमी ने मात्र 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 152 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।
यूथ क्रिकेट क्लब की ओर से सूरज सोनी और यशराज को 1-1 विकेट मिला।शानदार प्रदर्शन के लिए चैंपियन क्रिकेट अकादमी के नवनीत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।



Post Comment