वैशाली जिला क्रिकेट लीग में विदुपुर क्रिकेट क्लब व पातेपुर क्रिकेट क्लब विजयी
वैशाली : जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित राजीव प्रताप मेमोरियल वैशाली जिला क्रिकेट लीग का मुकाबला बिहार क्रिकेट एकेडमी, बिदुपुर में खेला गया। इस मैच में विदुपुर क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रियदर्शी फाउंडेशन को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रियदर्शी फाउंडेशन की टीम निर्धारित 19.2 ओवर में मात्र 93 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से शिवम कुमार ने 35 गेंदों पर 32 रन की सर्वाधिक पारी खेली, जबकि रोहित कुमार ने 20 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज विदुपुर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके।

विदुपुर क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में हृतिक कुमार ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। उनके साथ रौनक राज ने 2.2 ओवर में 9 रन देकर 3 विकेट, विजय ने 2 विकेट और रिषु राज ने 1 विकेट लेकर टीम को कम स्कोर पर समेट दिया।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी विदुपुर क्रिकेट क्लब की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 7.3 ओवर में 1 विकेट खोकर 97 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम के लिए रिषु राज ने नाबाद 25 रन और प्रगति कृष्णा ने नाबाद 37 रन की शानदार पारी खेली।अपने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हृतिक कुमार को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।

राजीव प्रताप मेमोरियल वैशाली जिला क्रिकेट लीग में पातेपुर क्रिकेट क्लब की शानदार जीतराजीव प्रताप मेमोरियल वैशाली जिला क्रिकेट लीग के अंतर्गत खेले गए लीग मुकाबले में पातेपुर क्रिकेट क्लब ने वैशाली इलेवन को 61 रन से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।यह मुकाबला क्रिकेट अकादमी ऑफ राजा 11 के मैदान में खेला गया, जहां दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पातेपुर क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 30 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए। टीम की ओर से अंकित मौर्या ने 53 गेंदों पर 45 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसके अलावा अभिषेक कुमार 28 रन, गोलू 18 रन तथा आयुष कुमार 16 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी।

जवाब में 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वैशाली इलेवन की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। प्रशांत कुमार 38 गेंदों पर 46 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज पातेपुर की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सके और पूरी टीम 19 ओवर में 115 रन पर ऑलआउट हो गई।
पातेपुर क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में अभिजीत कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर में 35 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अभिजीत कुमार को ‘मैन ऑफ़ द मैच’ चुना गया।

इसके अलावा सचिन कुमार ने 4 ओवर में 4 रन देकर 2 विकेट, राजेश कुमार ने 2 विकेट तथा अभिषेक राज ने 1 विकेट प्राप्त किया।इस जीत के साथ पातेपुर क्रिकेट क्लब ने प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।



Post Comment