पटना जिला सीनियर डिवीज़न क्रिकेट लीग में अगस्त्या के शानदार प्रदर्शन से राइजिंग स्टार सीसी विजयी
पटना, 11 मार्च। पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में बुधवार यानी 11 मार्च को खेले गए मैच में राइजिंग स्टार सीसी के अगस्त्या छा गए। पहले 153 रन की शतकीय पारी खेली और फिर पांच विकेट चटकाये और टीम को 164 रन की शानदार जीत दिलाई।
अल्फा स्पोट्र्स एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस जीत कर पहले बैटिंग करते हुए राइजिंग स्टार ने 38 ओवर में चार विकेट पर 346 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में राइजिंग स्टार की टीम 33 ओवर में 182 रन पर ऑल आउट हो गई।
राइजिंग स्टार की बैटिंग
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रेजिंग स्टार की टीम ने निर्धारित 38 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 346 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अगस्त्या आनंद ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 76 गेंदों पर 153 रन बनाए। उनकी इस पारी में 13 चौके और 12 छक्के शामिल रहे। वहीं अनिमेष कुमार ने 85 गेंदों पर 92 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान गुलशन कुमार ने 37 गेंदों में 41 रन का योगदान दिया। अंत में गुल्ली 28 और केशव 8 रन बनाकर नाबाद रहे। वाईसीसी की ओर से गेंदबाजी में अनिमेष राज और सुशांत ने 2-2 विकेट हासिल किए।
346 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाईसीसी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। टीम 33 ओवर में 182 रन पर ऑल आउट हो गई। वाईसीसी के लिए पीयूष कुमार ने 70 गेंदों पर 59 रन की सबसे बड़ी पारी खेली, जबकि प्रियांशु कुमार ने 39 और रोहित पांडेय ने 24 रन बनाए।
राइजिंग स्टार की ओर से अगस्तया आनंद ने कमाल करते हुए 5 ओवर में मात्र 15 रन देकर 5 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा गोविंद कुमार और हर्षवर्धन पांडेय ने 2-2 विकेट लिए।
संक्षिप्त स्कोर
राइजिंग स्टार : 38 ओवर में 4 विकेट पर 346 रन, अगस्त्या आनंद 153, अनिमेष कुमार 92, गुलशन कुमार 41, गुल्ली नाबाद 28 अनिमेष राज 2/81,सुशांत 2/44
वाईसीसी : 33 ओवर में 182 रन ऑल आउट, प्रियांशु कुमार 39, रोहित पांडेय 24, पीयूष कुमार 59, सुशांत 22, अनिमेष राज 10, अतिरिक्त 13, अगस्त्या आनंद 5/15, गोविंद कुमार 2/18, हर्षवर्धन पांडेय 2/43




Post Comment