Loading Now
×

ईस्ट चंपारण को हराकर कटिहार बीसीए मेंस सीनियर वनडे ट्रॉफी के फाइनल में

पटना, 13 मार्च 2026 : बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बीसीए मेंस सीनियर प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला कटिहार और ईस्ट चंपारण के बीच मोइनुल हक स्टेडियम, पटना में खेला गया। 40 ओवर के इस मुकाबले में कटिहार की टीम ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए ईस्ट चंपारण को 14 रनों से पराजित कर फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए कटिहार की टीम ने 39.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 168 रन बनाए। टीम की ओर से अश्विनी कुमार ने उपयोगी बल्लेबाजी करते हुए 72 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल रहा। इसके अतिरिक्त मयंक पमनानी ने 47 रन का योगदान दिया, जबकि खालिद आलम ने 20 रन बनाए। इन पारियों के कारण कटिहार की टीम प्रतिस्पर्धात्मक स्कोर तक पहुँचने में सफल रही।

ईस्ट चंपारण की ओर से गेंदबाजी में इमरान मुन्ना हाशमी ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 5.2 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। मनी कौशल कांत और फैसल गनी को 2-2 विकेट प्राप्त हुए, जबकि टुन्ना और सकीबुल गनी को 1-1 विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करते हुए ईस्ट चंपारण की टीम 38.1 ओवर में 154 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से गोपी कृष्ण जी. के. ने 46 रन की पारी खेली। अनुपम ने 23 रन और समीर अख्तर ने 13 रन का योगदान दिया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके।

कटिहार की ओर से गेंदबाजी में रकीव शाहनवाज ने प्रभावी स्पैल डालते हुए 8 ओवर में 43 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। आयुष और हर्ष ने 2-2 विकेट प्राप्त किए, जबकि खालिद आलम और अश्विनी कुमार को 1-1 विकेट मिला।

इस जीत के साथ ही कटिहार की टीम ने बीसीए मेंस सीनियर प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला नालंदा और बेगूसराय के बीच 14 मार्च को मोइनुल हक स्टेडियम, पटना में खेला जाएगा।

खेल के हर खबर पर पैनी नज़र और सही उद्देश्य से लोगो तक पहुँचाने में सक्षम है खेलबिहार। संपर्क करे :9123473681

Post Comment