बीसीए अंडर-23 वनडे ट्रॉफी: अररिया ने किशनगंज को 154 रनों से हराया।
पूर्णिया, 14 मार्च। पहले अमन राज (117), उज्जवल कुमार (72 रन) और आदर्श सिन्हा (74) की ताबड़तोड़ बैटिंग और फिर यश दा की घातक गेंदबाजी। यह हुआ बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी के सीमांचल जोन के अररिया बनाम किशगंज मैच में। अररिया ने इस मुकाबले को 154 रन के भारी अंतर से जीत लिया। विजेता टीम के अमन राज (117 रन, 2 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच का सार
स्थानीय विद्या विहार ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अररिया की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 337 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में किशनगंज की टीम 44 ओवर में 183 रन पर ऑल आउट हो गई।
अररिया की बैटिंग
अररिया की शुरुआत खराब रही। सलामी बैटर आदित्य राज मात्र 4 रन बना आउट हो गए। पर इसके बाद अररिया के बैटरों ने किशनगंज के बॉलरों की जमकर खबर ली और निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 337 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
टीम की ओर से कप्तान अमन राज ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 84 गेंदों पर 117 रन (5 चौके, 7 छक्के) की शानदार शतकीय पारी खेली। इसके अलावा आदर्श सिन्हा ने 67 गेंदों पर 74 रन और उज्ज्वल कुमार ने 75 गेंदों पर 72 रन का योगदान दिया। पंकज कुमार ने 14, पंकज कुमार साह ने 34 रन की पारी खेली।
किशनगंज की ओर से अविनाश कुमार यादव ने 2, सौरभ सिन्हा ने 3, सादिक, मोनू और सूर्यम राज ने 1-1 विकेट चटकाये।
किशनगंज की बैटिंग
338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किशनगंज की टीम 44 ओवर में 183 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से शौर्य कुमार ने 78 गेंदों पर 49 रन, जबकि अयान शोएब ने 63 गेंदों पर 36 रन बनाए।
अररिया की ओर से गेंदबाजी में यश दास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में 30 रन देकर 6 विकेट झटके। वहीं अमन राज ने 2 विकेट और शिवम कुमार झा ने 2 विकेट हासिल किए।इस शानदार जीत के साथ अररिया की टीम ने टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की।
संक्षिप्त स्कोर
अररिया : 337/8 (50 ओवर), अमन राज 117, आदर्श सिन्हा 74, उज्ज्वल कुमार 72, पंकज कुमार 14, पंकज कुमार साह 34, अतिरिक्त 21, अविनाश कुमार यादव 2/57, सादिक 1/40, मोनू 1/37, सूर्यम राज 1/57, सौरभ सिन्हा 3/52
किशनगंज : 183 ऑल आउट (44 ओवर), सौर्य कुमार 49, अयान शोएब 36, सूर्यम राज 30, बासिव हाफिज 20, अतिरिक्त 15, यश रमन दास 6/30, शिवम कुमार झा 2/23, अमन राज 2/36




Post Comment