सी. के. नायडू ट्रॉफी U23: पहले दिन बिहार और मुंबई के बीच कड़ी टक्कर, दीपक और सूरज चमके
पटना जनवरी 2025 : सी. के. नायडू ट्रॉफी U23 टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित मुकाबला आज सचिन तेंदुलकर जिमखाना, कांदिवली (मुंबई) में शुरू हुआ, जहां बिहार और मुंबई की टीमों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार ने 63.1 ओवर में 264 रन बनाए, वहीं मुंबई ने दिन का खेल समाप्त होने तक 16 ओवर में 2 विकेट पर 90 रन बना लिए। अभी भी मुम्बई के लिए 174 रनों का लक्ष्य है, जिसमें दूसरे दिन का खेल निर्णायक साबित हो सकता है।
*बिहार की पारी:* दीपक ने 75 रन की शानदार पारी खेलते हुए टीम को स्थिरता दी। उनका संयमित और आक्रामक शॉट्स का संयोजन लाजवाब था। सूरज कश्यप ने 53 रन की पारी खेलते हुए उनका बखूबी साथ दिया। इनके अलावा अंकित राय 38 और सूरज विजय 35 ने भी टीम के लिए अहम योगदान दिया। हालांकि, निचले क्रम के बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके, जिसके चलते टीम 264 रनों का ही स्कोर खड़ा कर सकी।

मुंबई के गेंदबाजों का प्रदर्शन: धनित राउत और अथर्व भोसले ने गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट चटकाए। सूर्यांश और हिमांशु ने भी एक-एक विकेट लेकर मुंबई के लिए अहम योगदान दिया।
*मुंबई की पहली पारी:
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने तेज शुरुआत की, लेकिन मनीष कुमार ने अपने घातक स्पेल से शुरुआती झटके दिए। उन्होंने अंगकृश रघुवंशी 22 और आयुष माथरे 52 के विकेट चटकाए। आयुष ने संयम और आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को स्थिरता दी। दिन के अंत तक मनन भट 5 और अथर्व भोसले 7 नाबाद हैं।

*बिहार की गेंदबाजी: मनीष कुमार का शानदार प्रदर्शन*
बिहार के लिए मनीष कुमार ने अब तक बढ़िया गेंदबाजी की है। उन्होंने अपनी गति और लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को परेशान किया और दो विकेट अपने नाम किए। उनकी गेंदबाजी दूसरे दिन के खेल में निर्णायक साबित हो सकती है।
पहले दिन का खेल दोनों टीमों के लिए संतुलित रहा। जहां बिहार ने दीपक और सूरज की पारियों से मजबूत स्कोर खड़ा किया, वहीं मुंबई ने आयुष के अर्धशतक और गेंदबाजों के प्रदर्शन के दम पर मैच में अपनी पकड़ बनाए रखी है। अब सभी की निगाहें दूसरे दिन पर टिकी हैं।



Post Comment