महिला अंडर-23 वनडे ट्रॉफी: मध्य प्रदेश के खिलाफ बिहार को मिली हार
पटना, 11 मार्च 2025: विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, सिविल लाइंस, नागपुर में खेले गए महिला अंडर-23 वनडे ट्रॉफी के मुकाबले में बिहार को मध्य प्रदेश के खिलाफ 146 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
मध्य प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 278 रन का स्कोर खड़ा किया। मध्य प्रदेश की ओर से अनुष्का शर्मा और कप्तान सौम्या तिवारी ने प्रभावशाली शतकीय पारियां खेलते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अनुष्का ने 131 गेंदों में 14 चौकों और 1 छक्के की मदद से 123 रन बनाए, जबकि कप्तान सौम्या तिवारी ने 142 गेंदों में 11 चौकों और 1 छक्के की मदद से 114 रन की प्रभावी पारी खेली।

गेंदबाजी में बिहार की ओर से प्रीति कुमारी ने 2 विकेट लिए, जबकि यशीता सिंह, सूर्या और ऋषिका किंजल को 1-1 विकेट प्राप्त हुआ।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 132 रन ही बना सकी। बिहार की ओर से कप्तान यशीता सिंह ने 78 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 34 रन बनाए। हर्षिता ने 47 गेंदों में 3 चौकों के साथ 32 रन और प्रीति ने 45 गेंदों में 5 चौकों की सहायता से 30 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाजों के प्रयास के बावजूद बिहार की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
मध्य प्रदेश की गेंदबाजी में आयुषी शुक्ला ने 8 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। सूची उपाध्याय ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि वैष्णवी शर्मा और कल्याणी जाधव को 1-1 विकेट प्राप्त हुआ।
इस मुकाबले में बिहार की टीम को मध्य प्रदेश के प्रभावी प्रदर्शन के आगे संघर्ष करना पड़ा, जिससे मध्य प्रदेश ने 146 रनों के अंतर से जीत दर्ज की।



Post Comment