Loading Now
×

बीसीए मेंस सीनियर ट्रॉफी: गोपालगंज ने कटिहार को 141 रनों से हराकर खिताब किया अपने नाम

पटना, 26 मार्च 2025: मोइनुल हक स्टेडियम, पटना में खेले गए बीसीए मेंस सीनियर ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में गोपालगंज ने कटिहार को 141 रनों के बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।

गोपालगंज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.3 ओवर में 304 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। गोपालगंज की पारी में आर्यन राज ने 113 गेंदों में 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 98 रनों की उपयोगी पारी खेली। प्रशांत कुमार ने 62 रन और कप्तान उत्कर्ष सिंह ने 39 रन का योगदान देकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके अलावा विकास चौधरी ने 29 रन और आदित्य पांडे ने 19 रन जोड़े।

कटिहार के गेंदबाजों में अश्विनी कुमार ने 5.3 ओवर में 46 रन देकर 4 विकेट लिए। खालिद आलम ने 10 ओवर में 57 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि आकाश अरुण सिंह और हर्ष नंदा को 1-1 सफलता मिली।

304 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कटिहार की टीम को गोपालगंज के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव में रखा। कटिहार की ओर से अभिषेक कुमार ने 78 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 52 रन बनाए, जबकि अश्विनी कुमार ने 39 रनों का योगदान दिया। इनके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। कप्तान सूरज कुमार (1 रन), अंकित सिंह (8 रन), खालिद आलम (7 रन), मयंक पमनानी (8 रन) और हजरत अली (12 रन) के प्रयासों के बावजूद कटिहार की पूरी टीम 33.4 ओवर में 163 रनों पर सिमट गई। 

गोपालगंज के गेंदबाजों में आमोद यादव ने 8 ओवर में 47 रन देकर 4 विकेट चटकाए। सचिन कुमार सिंह ने 5.4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके अलावा रिंकल तिवारी, मेहंदी अब्दुल्ला और प्रशांत कुमार को 1-1 सफलता मिली। 

इस प्रभावी जीत के साथ गोपालगंज ने बीसीए मेंस सीनियर ट्रॉफी के खिताब पर कब्जा जमाया और टूर्नामेंट का सफल समापन किया।  बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष श्री राकेश तिवारी ने गोपालगंज टीम को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में प्रभावी खेल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कटिहार टीम को भी उनके प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट से बिहार के क्रिकेट को और मजबूती मिलेगी। इस पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिखाया है।

श्री तिवारी ने कहा, “इस आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी पदाधिकारी, सपोर्टिंग स्टाफ एवं उन सभी व्यक्तियों का धन्यवाद, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई। ऐसे टूर्नामेंट से प्रदेश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, जो बिहार क्रिकेट के लिए बहुत ही सकारात्मक संकेत है।”

Post Comment