शिवहर जिला क्रिकेट संघ का प्रेस कॉन्फ्रेंस संपन्न, बिहार ग्रामीण लीग की दी जानकारी
शिवहर, 23 जून। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) द्वारा राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों की छुपी हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही “बिहार रूरल लीग” के लिए खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आज से औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई है। यह लीग उन युवा खिलाड़ियों के लिए एक नया अवसर लेकर आई है, जिन्होंने अभी तक राज्य या जिला स्तर पर किसी भी आधिकारिक क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग नहीं लिया है।
इस रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में केवल 13 से 23 वर्ष के आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं, जो बिहार राज्य के स्थायी निवासी हों। लीग का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें क्रिकेट के मैदान पर अपने प्रदर्शन का अवसर प्रदान करना है।

रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 27 जून 2025 निर्धारित की गई है। इच्छुक खिलाड़ी बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट [www.biharcricketassociation.com](http://www.biharcricketassociation.com) के माध्यम से या सीधे इस लिंक —
[https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSc4z72id9910ovD\_0hgjwdXpdGT7BZgUXDBfClHnAHpswnFug/viewform](https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSc4z72id9910ovD_0hgjwdXpdGT7BZgUXDBfClHnAHpswnFug/viewform) पर क्लिक कर अपना पंजीकरण कर सकते हैं।
*BCA अध्यक्ष श्री राकेश तिवारी* के अनुसार, *“बिहार रूरल लीग हमारे उन नौजवान खिलाड़ियों के लिए समर्पित है, जिन्हें अब तक किसी भी कारणवश मुख्यधारा के क्रिकेट से जुड़ने का अवसर नहीं मिला। हमारा उद्देश्य है कि राज्य के कोने-कोने से क्रिकेट प्रतिभाओं को सामने लाया जाए और उन्हें आगे बढ़ने का मंच दिया जाए। इस लीग के माध्यम से हम न केवल प्रतिभा की खोज करेंगे, बल्कि उन्हें प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और पहचान भी देंगे।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिहार रूरल लीग के मेंटोर ज्ञानेश्वर गौतम, शिवहर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष गिरीश नंदन सिंह ‘प्रशांत’, सचिव नवीन कुमार, संयुक्त सचिव प्रशांत कुमार प्रभाकर, क्लब प्रतिनिधि सुरेश सिंह इत्यादि उपस्थित थे।



Post Comment