Loading Now
×

पुरुष अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी एलिट: बारोडा के खिलाफ बिहार को मिली 155 रनों से हार

पटना : टॉरियन वर्ल्ड स्कूल ग्राउंड, रांची में खेले गए पुरुष अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी एलिट एकदिवसीय मुकाबले में बिहार को बारोडा के खिलाफ 155 रनों से हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले में बिहार ने खेल के हर विभाग में लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रयास तो प्रभावी किया, लेकिन बारोडा की मजबूत बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी के सामने टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।

 

बारोडा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट पर 329 रन बनाए। टीम की पारी का मुख्य आधार कप्तान प्रियंशु मोलिया की 186 रनों की प्रभावी पारी रही। उन्होंने 143 गेंदों में 15 चौके और 8 छक्के लगाते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। दीप एच पटेल ने 70 गेंदों में 68 रन बनाकर अपनी टीम के लिए उपयोगी योगदान दिया, जबकि पवन पटेल 24 रन बनाकर नाबाद रहे। बारोडा की ओर से बनी सर्वाधिक साझेदारी 138 रनों की रही, जो मोलिया और दीप पटेल के बीच हुई।

 

बिहार की ओर से गेंदबाजी में बदल कनौजिया ने 10 ओवर में 70 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि उत्तकर्ष कुमार ने 10 ओवर में 39 रन देकर 1 विकेट चटकाया। वासुदेव प्रसाद सिंह ने भी एक विकेट चटकाया। अन्य गेंदबाजों ने भी नियंत्रित लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम को संबल दिया, हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

 

लक्ष्य का पीछा करते हुए बिहार ने 43.1 ओवर में 174 रन बनाए और टीम पूरी तरह आउट हो गई। विकेटकीपर बल्लेबाज फहीम अनवर ने 52 गेंदों में 41 रनों की उपयोगी पारी खेली। वहीं कप्तान आदित्य राज ने 51 गेंदों में 45 रन बनाकर टीम की पारी संभालने का प्रभावी प्रयास किया। शुरुआत में प्रशांत कुमार ने 17 गेंदों में 19 रन बनाकर तेजी से रन जुटाए, लेकिन नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों ने बिहार की उम्मीदों को कमजोर किया। बिहार की ओर से सर्वाधिक साझेदारी 32 रनों की रही, जो फहीम अनवर और दीपक के बीच बनी।

 

बारोडा की ओर से गेंदबाजी में करण उमट ने 10 ओवर में 47 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। यश टंडेल ने 9.1 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि प्रियंशु मोलिया और दीप एच पटेल ने भी अपनी गेंदबाजी से महत्वपूर्ण योगदान देते हुए 2 और 1 विकेट लिए।

 

दबाव के बावजूद बिहार के खिलाड़ियों ने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए खेल के प्रति सकारात्मक और प्रभावी रवैया दिखाया। टीम आने वाले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद के साथ मैदान में उतरेगी।

 

मैच अधिकारी

अंपायर: रमीज खान, प्रहलाद सिंह रावत

मैच रेफरी: निशित सुधाकर शेट्टी

खेल के हर खबर पर पैनी नज़र और सही उद्देश्य से लोगो तक पहुँचाने में सक्षम है खेलबिहार। संपर्क करे :9123473681

Post Comment