Loading Now
×

कूच बिहार ट्रॉफी: हरियाणा के 541 रनों के जबाब बिहार की अच्छी शुरुआत,आयुष का नाबाद अर्धशतक

पटना 09 दिसंबर 2025:  कूच बिहार ट्रॉफी एलीट के अंतर्गत मोइन-उल-हक स्टेडियम, पटना में खेले जा रहे यूथ फर्स्ट क्लास मुकाबले के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया। दूसरे दिन हरियाणा ने अपनी पहली पारी 145.4 ओवर में 541 रन पर 9 विकेट पर घोषित की, जबकि बिहार टीम ने पहली पारी में 1 विकेट के नुकसान पर 84 रन बना लिए हैं। स्टंप्स तक बिहार 457 रन से पीछे है।

हरियाणा की पहली पारी में मोक्ष मुदगिल ने 370 गेंदों पर 29 चौकों और 1 छक्के की मदद से 221 रन की लंबी पारी खेली। उनके अलावा तनमय बलोदा ने 88 गेंदों पर 66 रन, सुम्मी कादियान ने 65 गेंदों पर 58 रन, रुद्राक्ष नरवाल ने 91 गेंदों पर 55 रन, निधिश गौर ने 176 गेंदों पर 63 रन और दिलकश तनेजा ने 48 गेंदों पर 38 रन का योगदान दिया। हरियाणा की पारी में कुल 21 अतिरिक्त रन जुड़े।

 

बिहार की गेंदबाजी में योगेश्वर कुमार ने 24 ओवर में 113 रन देकर 3 विकेट, सत्यम कुमार और आर्यन पटेल ने दो-दो विकेट तथा मोहित कुमार ने दो विकेट हासिल किए।

 

बड़े स्कोर के जवाब में बिहार की पहली पारी की शुरुआत संयमित रही। आयुष रवि शंकर 74 गेंदों पर 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 58 रन बनाकर नाबाद हैं। कप्तान और विकेटकीपर तौफिक 45 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए, जबकि यश प्रताप 9 गेंदों पर 10 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दिन का खेल समाप्त होने तक बिहार का स्कोर 21 ओवर में 1 विकेट पर 84 रन रहा।

 

मुकाबले का तीसरा दिन बुधवार को खेला जाएगा, जहां बिहार टीम की कोशिश पहली पारी में अधिक से अधिक रन जोड़कर अंतर को कम करने और मैच में पकड़ मजबूत करने की रहेगी।

Post Comment