Loading Now
×

साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन के लिए 11 तकनीकी पदाधिकारी प्रतिनियुक्त

पटना:  एशियन बॉल बैडमिंटन महासंघ के तत्वावधान में भारतीय बाॅल बैडमिंटन महासंघ एवं बिहार बॉल बैडमिंटन संघ द्वारा बी.एन. क्लब,रामनगरी,आशियाना पटना में 27 से 29 दिसंबर तक आयोजित होने वाली साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप ( पुरुष व महिला ) के संचालन हेतु विभिन्न राज्यों के 11 तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है।

बॉल बैडमिंटन फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव वाई.राजा राव के पत्र हवाले से इस बात की जानकारी देते हुए बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के निदेशक -सह- समाजसेवी पवन कुमार केजरीवाल ने बताया कि केरल के ज्योतिष साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप के मुख्य निर्णायक होंगे। जबकि बिहार के राष्ट्रीय निर्णायक दीपक सिंह कश्यप ( पूर्वी चम्पारण ),अमर कुमार आहूजा ( भागलपुर ),विकास कुमार ( बेगूसराय ),सतीश कुमार ( पटना ) निर्णायक की भूमिका निभायेंगे।

भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के संयुक्त सचिव -सह- बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर ने बताया कि गुरुवार को युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार ने भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ की मान्यता की निरंतरता प्रदान की है। भारत सरकार से मान्यता मिलने के बाद अब बॉल बैडमिंटन खेल को एसजीएफआई,खेलो इंडिया सहित भारत सरकार के द्वारा आयोजित होने वाली सभी तरह के प्रातियोगिताओं में बॉल बैडमिंटन खेल को शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है।

भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा मान्यता बहाल किये जाने पर भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के अध्यक्ष -सह- बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो.नवल किशोर यादव एवं महासचिव वाई.राजा राव ने भारत सरकार के खेलमंत्री मनसुख भाई मंडाविया को साधुवाद दिया है। पुनः मान्यता बहाल होने से बॉल बैडमिंटन खेल से जुड़े हुए खिलाड़ियों व पदाधिकारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। श्री शंकर ने यह भी बताया कि पटना में आयोजित हो रही साउथ एशियन चैंपियनशिप के महत्व को देखते हुए तैयारी जोर-शोर से की जा रही है।

Post Comment