विजय मर्चेंट ट्रॉफी: दूसरे दिन ओड़िशा पर बिहार की बढ़त 70 रनों की।
पटना : विजय मर्चेंट ट्रॉफी एलीट के अंतर्गत ग्वालियर के सिंधिया स्कूल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे अंडर 16 मुकाबले में बिहार टीम ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक ओडिशा पर मजबूत पकड़ बना ली है।
बिहार पहले दिन बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 288 रन बनाया। दूसरे दिन जवाब में ओडिशा की टीम 67 ओवर में 6 विकेट पर 218 रन ही बना सकी है और वह अब 70 रनों से पीछे चल रही है।

बिहार की पहली पारी में बल्लेबाजों ने धैर्य और निरंतरता के साथ रन जोड़े। अभिनव सिन्हा ने 164 गेंदों में 62 रन बनाकर पारी को स्थिरता दी, वहीं कप्तान यश ने 124 गेंदों में 44 रनों का योगदान दिया। अमन दिनेश कुमार ने 36, अर्नव तिवारी ने 31 और विवेक आनंद ने 38 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। निचले क्रम में भी बल्लेबाजों ने संघर्ष जारी रखा, जिससे टीम 111 ओवर में 288 रनों तक पहुंचने में सफल रही।

ओडिशा की ओर से मृृत्युंजय दास ने 4 विकेट लेकर सबसे प्रभावी गेंदबाजी की, जबकि हिमनिश साहू और पार्थ सारथी लेंका ने 3-3 विकेट हासिल किए।
जवाब में ओडिशा की शुरुआत बिहार के गेंदबाजों ने नियंत्रित रखी। शिवांश ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 17 ओवर में 3 विकेट चटकाए और मध्यक्रम पर दबाव बनाया। पार्थ ने 2 विकेट लिए, जबकि अंश अरमान ने एक महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किया।
ओडिशा की ओर से कप्तान नील नितिन मोहंती ने 75 रनों की पारी खेली और ओम प्रकाश दास 49 रन बनाकर नाबाद लौटे, लेकिन इसके बावजूद टीम बिहार की बढ़त को नहीं पाट सकी।
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक बिहार टीम मुकाबले में संतुलित स्थिति में है और तीसरे दिन के खेल में बढ़त को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।



Post Comment