Loading Now
×

रणजी ट्रॉफी फाइनल : कप्तान साकिबूल के शतक से मजबूत स्थिति में बिहार, पहले दिन बनाया 328 रन

पटना : रणजी ट्रॉफी 2025-26 के प्लेट ग्रुप फाइनल मुकाबले के पहले दिन बिहार की टीम ने सधी हुई और प्रभावी बल्लेबाजी करते हुए मजबूत स्थिति बनाई। पटना स्थित मोईन-उल-हक़ स्टेडियम में खेले जा रहे इस ख़िताबी मुकाबले में पहले दिन का खेल समाप्त होने तक बिहार ने अपनी पहली पारी में 7 विकेट के नुकसान पर 328 रन बना लिए हैं।

टॉस गवाने के बाद बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी बिहार टीम की शुरुआत संयमित रही, हालांकि शुरुआती ओवरों में टीम को कुछ विकेट गंवाने पड़े। हिमांशु सिंह और पियूष कुमार सिंह जल्दी पवेलियन लौट गए, जबकि इसके बाद मध्यक्रम में उतरे बल्लेबाजों ने पारी को संभालने का प्रयास किया। मंगलमय महरौर ने 43 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि आकाश राज ने 101 गेंदों पर 50 रन बनाकर पारी को स्थिरता प्रदान की। इसके अलावा आयुष लोहरुका और प्रताप ने भी सीमित योगदान दिया।

पारी का मुख्य आकर्षण कप्तान साकिबूल गनी और विकेटकीपर बल्लेबाज बिपिन सौरभ की साझेदारी रही। कप्तान शाहबाज़ गनी ने जिम्मेदारी निभाते हुए 155 गेंदों पर 108 रनों की प्रभावी पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनके आउट होने के बाद बिपिन सौरभ ने आक्रामक और संतुलित अंदाज़ में बल्लेबाजी जारी रखी। बिपिन सौरभ 75 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि उनके साथ क्रीज़ पर मौजूद खालिद 18 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच बनी उपयोगी साझेदारी ने बिहार को 300 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

 

मणिपुर की ओर से गेंदबाजी में रेक्स और जोतिन फेइरोइजाम ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि अन्य गेंदबाजों ने भी अनुशासित लाइन और लेंथ के साथ प्रयास किया। बावजूद इसके, बिहार के बल्लेबाजों ने संयम और धैर्य दिखाते हुए दिन का खेल अपने पक्ष में समाप्त किया।

बिहार क्रिकेट संघ का मानना है कि पहले दिन का प्रदर्शन टीम के लिए सकारात्मक रहा है और शेष बल्लेबाज दूसरे दिन इस बढ़त को और मजबूत करने का प्रयास करेंगे। मुकाबला अभी खुला है, लेकिन बिहार की टीम ने फाइनल के पहले दिन ठोस आधार तैयार कर लिया है।

Post Comment