रणजी ट्रॉफी (प्लेट) : बिपिन सौरभ का शानदार शतक, पहली पारी में बिहार 522रन बनाया
पटना : रणजी ट्रॉफी 2025-26 के प्लेट ग्रुप फाइनल मुकाबले के दूसरे दिन बिहार की टीम ने अपनी पहली पारी को आगे बढ़ाते हुए मजबूत बढ़त हासिल कर ली है। पटना स्थित मोईन-उल-हक़ स्टेडियम में जारी इस ख़िताबी मुकाबले में बिहार ने अपनी पहली पारी में 135.5 ओवर में 522 रन बनाकर मणिपुर के सामने बड़ा लक्ष्य रखा है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मणिपुर की टीम ने अपनी पहली पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 129 रन बना लिए हैं और वह अभी 393 रन पीछे है।

पहले दिन बिहार ने 7 विकेट पर 328 रन बनाए थे। दूसरे दिन सुबह शेष बल्लेबाजों ने पारी को अनुशासन और धैर्य के साथ आगे बढ़ाया। विकेटकीपर बल्लेबाज बिपिन सौरभ ने जिम्मेदारी भरी प्रभावी पारी खेलते हुए 189 गेंदों पर 143 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा सुरज कश्यप ने नाबाद 83 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि खालिद ने 37 और प्रशांत कुमार सिंह ने 13 रन का योगदान दिया। कप्तान साकिबूल गनी के द्वारा पहले दिन बनाए गए 108 रन से टीम को मजबूत आधार मिला था, जिसका लाभ निचले क्रम के बल्लेबाजों को मिला।

मणिपुर की ओर से गेंदबाजी में रेक्स 32 ओवर 6 मेडन 117 रन 4 विकेट लिए, जबकि जोतिन फेइरोइजाम और बिश्वरजीत को दो-दो सफलता मिली तथा किशन सिंघा को एक सफलता मिली। इसके बावजूद बिहार के बल्लेबाजों ने लंबा समय क्रीज पर बिताते हुए पारी को 500 रन के पार पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मणिपुर की शुरुआत संभली हुई रही। करनाजीत यादव ने 21 और उलेन्याई ख्वैराकपम ने 26 रन तथा बशीद ने 13 रन बनाए। दिन का खेल समाप्त होने तक रोनाल्ड एम 38 और जॉनसन 22 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

बिहार की ओर से गेंदबाजी में हिमांशु सिंह और खालिद को एक-एक विकेट मिला, जबकि सुरज कश्यप ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए रन गति को नियंत्रित रखा।
दूसरे दिन का खेल बिहार के पक्ष में रहा है और टीम तीसरे दिन भी इसी अनुशासन और रणनीति के साथ मुकाबले को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी।



Post Comment