Loading Now
×

वैशाली जिला क्रिकेट लीग में बीवाईसी क्लब व पातेपुर क्लब विजयी

वैशाली : जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही राजीव प्रताप मेमोरियल वैशाली जिला क्रिकेट लीग के अंतर्गत गुरुवार को बिहार क्रिकेट अकादमी, बिदुपुर में खेले गए मुकाबले में बीवाईसी क्लब ने प्रेसिडेंट इलेवन को 31 रन से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बीवाईसी क्लब की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज अंकित 7 रन और मयंक बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद मध्यक्रम में मणि ने 16 रन, प्रियेश ने 17 रन तथा आकाश ने जिम्मेदारी संभालते हुए सर्वाधिक 37 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसके बावजूद बीवाईसी क्लब की पूरी टीम 29 ओवर में 118 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

प्रेसिडेंट इलेवन की ओर से गेंदबाजी में धर्मपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए। अभय को 2 विकेट मिले, जबकि हर्षित, अभिषेक, आदित्य और आर्य ने 1-1 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेसिडेंट इलेवन की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। पहले ही ओवर में बिना कोई रन बनाए तीन विकेट गिर गए। सलामी बल्लेबाज निखिल, आकाश और अभय खाता खोले बिना आउट हो गए। मध्यक्रम में कप्तान आदित्य ने संघर्षपूर्ण 58 रन बनाए तथा हिमांशु ने 11 रन का योगदान दिया, लेकिन इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। पूरी टीम 22 ओवर में 87 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

बीवाईसी क्लब की ओर से गेंदबाजी में आकाश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि याकूब ने 2 विकेट और चांद बाबू ने 1 विकेट लिया। दो बल्लेबाज रन आउट हुए।शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन के लिए बीवाईसी क्लब के आकाश को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।

पातेपुर क्लब ने डीएनएस क्लब को 3 विकेट से हराया

राजीव प्रताप मेमोरियल वैशाली जिला क्रिकेट लीग के अंतर्गत क्रिकेट एकेडमी ऑफ राजा 11, सराय में खेले गए मुकाबले में पातेपुर क्लब ने डीएनएस क्लब को 3 विकेट से पराजित कर रोमांचक जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी डीएनएस क्लब की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज प्रिंस 5 रन और अंकित 8 रन बनाकर आउट हो गए। मध्यक्रम में शनि ने 24 रन, अनिकेत ने 29 रन और रोहित ने 16 रन की पारियां खेलीं, लेकिन इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका। डीएनएस क्लब की पूरी टीम 30 ओवर में 136 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

पातेपुर क्लब की ओर से गेंदबाजी में आदित्य ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। वहीं सचिन, राजेश, अंकित और अभिजीत को 1-1 विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पातेपुर क्लब की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज रुपेश ने 53 रन और अंकित ने 34 रन की अहम पारियां खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। हालांकि इसके बाद पातेपुर क्लब का मध्यक्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। गौतम, गोलू, सचिन और राजेश बिना खाता खोले आउट हो गए।

निचले क्रम में आयुष ने 18 रन और अभिजीत ने 8 रन नाबाद बनाकर संयम दिखाया और टीम को 27 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 137 रन तक पहुंचाते हुए जीत दिलाई।

डीएनएस क्लब की ओर से ऋषभ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि प्रिंस को 2 विकेट और आर्य को 1 विकेट मिला।

उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पातेपुर क्लब के अंकित को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।

Post Comment