Loading Now
×

सी.के.नायडू ट्रॉफी प्लेट : नागालैंड फ़ॉलो ऑन खेलते हुई बिहार से 400 रन पीछे

पटना : सी.के. नायडू ट्रॉफी प्लेट अंडर-23 मल्टी-डे मुकाबले में बिहार ने नागालैंड के खिलाफ मजबूत स्थिति बना ली है। सोवीमा क्रिकेट ग्राउंड, सोवीमा, नागालैंड में खेले जा रहे इस मैच के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक बिहार ने नागालैंड पर 400 रनों की बढ़त के साथ फॉलोऑन लागू कर रखा है।

पहली पारी में बिहार ने बल्लेबाजी करते हुए 157.3 ओवर में 714 रन बनाकर पारी घोषित की। इसके जवाब में नागालैंड की पहली पारी 57.1 ओवर में 158 रनों पर सिमट गई। बिहार की ओर से गेंदबाजी में सुमन कुमार 9 ओवर 5 मेडन 15 रन 3 विकेट और सूरज कश्यप 13 ओवर 5 मेडन 31 रन 3 विकेट ने उपयोगी भूमिका निभाई। पहली पारी में नागालैंड के लिए समीर अली ने 51 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज लंबी साझेदारी नहीं कर सके।

फॉलोऑन के बाद नागालैंड ने दूसरी पारी में संघर्ष दिखाया और तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 56 ओवर में 5 विकेट पर 156 रन बना लिए हैं। नागालैंड के लिए केनेइजेतुओ रियो 39 रन और सुजल प्रसाद 38 रन बनाकर नाबाद हैं। दूसरी पारी में बिहार की ओर से सूरज कश्यप ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि सुमन कुमार और आदित्य राज को एक-एक सफलता मिली। गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और रन गति को नियंत्रित रखा।

तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक नागालैंड अब भी बिहार से 400 रन पीछे है और उसके पांच विकेट शेष हैं। मैच पर बिहार की पकड़ बनी हुई है और चौथे दिन टीम जीत की दिशा में आगे बढ़ने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

Previous post

बेगूसराय सीनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग का गांधी स्टेडियम में शानदार आगाज,बरौनी सीसी विजयी

Next post

लक्ष्मण सिंह स्मृति अंडर-15 अंतर विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट में लायंस की जीत में चमके आर्यन व प्रशांत

Post Comment