Loading Now
×

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: एलायंस सीसी की रोमांचक जीत,पंचशील सीसी को 2 विकेट से हराया

पटना, 11 फरवरी। स्थानीय अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी में खेली जा रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग मुकाबले में एलायंस क्रिकेट क्लब ने पंचशील क्रिकेट क्लब को रोमांचक संघर्ष में 2 विकेट से पराजित कर दिया। मैच का फैसला अंतिम ओवरों में जाकर हुआ, जहां एलायंस के बल्लेबाजों ने संयम दिखाते हुए लक्ष्य हासिल किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंचशील सीसी की शुरुआत ठीक-ठाक रही, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। अभिषेक कुमार ने 25 गेंदों पर 40 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। कप्तान सोनू कुमार ने 28 रन बनाए, जबकि श्रेयान राजवन ने 21 और प्रियांशु कुमार प्रतीक ने 18 रनों का योगदान दिया। पार्थ ने 15 रन बनाये। अतिरिक्त के रूप में टीम को 28 रन मिले और पूरी टीम 25.3 ओवर में 172 रन बनाकर सिमट गई।

एलायंस सीसी की ओर से मनीष मणि ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6.3 ओवर में 53 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। आयांश अवि ने 2 विकेट, जबकि अमन राज और कृष्णा गौरव को भी 1-1 सफलता मिली।

173 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलायंस सीसी की शुरुआत धीमी रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए। हालांकि मध्यक्रम में कृष्णा गौरव ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 58 गेंदों पर 52 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल थे। कप्तान अमन राज ने नाबाद 25 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। टीम ने 39 ओवर में 8 विकेट खोकर 174 रन बनाए और मुकाबला 2 विकेट से अपने नाम किया।

पंचशील सीसी की ओर से अनिरुद्ध राज ने 8 ओवर में मात्र 20 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि पार्थ और श्रेयान राजवन को भी 2-2 सफलताएं मिलीं, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके।

संक्षिप्त स्कोर

पंचशील सीसी: 172/10 (25.3 ओवर), अभिषेक कुमार 40, सोनू कुमार 28, श्रेयान राजवन 21, पार्थ 15, अनिरुद्ध राज 13, प्रियांशु प्रतीक 18, अतिरिक्त 28, मनीष मणि 4/53, अयांश अवि 2/33, अमन राज 1/36, कृष्णा गौरव 1/15

एलायंस सीसी : 174/8 (39 ओवर), कृष्णा गौरव 52, अमन राज नाबाद 25, श्रेयस 24, सुधांशु 18, अतिरिक्त 29, अनिरुद्ध राज 2/20, पार्थ 2/24

परिणाम: एलायंस सीसी 2 विकेट से विजयी।मैन ऑफ द मैच कृष्णा गौरव

Share News:

खेल के हर खबर पर पैनी नज़र और सही उद्देश्य से लोगो तक पहुँचाने में सक्षम है खेलबिहार। संपर्क करे :9123473681

Post Comment