Loading Now
×

मैट्रिक-इंटर परीक्षाओं के चलते बिहार रुरल लीग स्थगित, होली के बाद होगा भव्य आगाज़

पटना : बिहार में जारी मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को देखते हुए बिहार प्रीमियर लीग के कन्वेनर ज्ञानेश्वर गौतम के हवाले से मीडिया प्रभारी रूपक कुमार ने कहा कि बिहार रूरल लीग के मैच फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं।

बड़ी संख्या में परीक्षार्थी खिलाड़ियों ने अपनी शैक्षणिक जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देते हुए टूर्नामेंट को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया था, जिसके बाद आयोजकों ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया।

आयोजन समिति ने कहा कि खिलाड़ियों की भावनाएं और उनका भविष्य सर्वोपरि है। हजारों खिलाड़ियों द्वारा भेजे गए अनुरोधों का सम्मान करते हुए टूर्नामेंट की नई तिथि निर्धारित की गई है। समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों के हितों की रक्षा करना उनकी पहली प्राथमिकता है और वे हर परिस्थिति में खिलाड़ियों के साथ खड़े हैं।

नई घोषणा के अनुसार, बिहार रुरल लीग अब होली के तुरंत बाद शुरू की जाएगी। इस प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिससे राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच मिल सके।

आयोजकों ने विश्वास जताया है कि परीक्षाएं समाप्त होने के बाद खिलाड़ी पूरे जोश और ऊर्जा के साथ मैदान में उतरेंगे, जिससे टूर्नामेंट और भी रोमांचक और सफल बनेगा।

Post Comment