दरभंगा जिले में बिहार रूरल लीग के ट्रायल में 315 बच्चों ने लिया भाग
दरभंगा: दिनांक: 14 फरवरी 2026 बिहार रूरल लीग के अंतर्गत दरभंगा जिले में 13 एवं 14 फरवरी 2026 को नागेंद्र झा स्टेडियम में क्रिकेट खिलाड़ियों के चयन हेतु ट्रायल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस ट्रायल कार्यक्रम का उद्घाटन ज्ञानेश्वर गौतम (कन्वेनर) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य प्रत्येक जिले से ऐसे प्रतिभाशाली एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को आगे लाना है, जिनके पास संसाधनों की कमी है लेकिन प्रतिभा प्रचुर मात्रा में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ऐसे सभी खिलाड़ियों को उचित अवसर, पारदर्शी चयन प्रक्रिया तथा आवश्यक खेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

यह चयन प्रक्रिया अंडर-13 से अंडर-23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयनित खिलाड़ियों को बिहार रूरल लीग के अंतर्गत आयोजित आगामी प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण शिविरों एवं मैचों में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय मंच प्राप्त हो सके।

दोनों दिनों को मिलाकर कुल 315 बच्चों ने अपना ट्रायल दिया, जो इस पहल के प्रति खिलाड़ियों एवं अभिभावकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों, खेल प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। यह लीग दरभंगा सहित पूरे क्षेत्र में क्रिकेट विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।
चूँकि अनेक बच्चों की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाएँ चल रही हैं, जिसके कारण कई खिलाड़ी ट्रायल में शामिल नहीं हो सके, ऐसे सभी खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने हेतु एक अतिरिक्त तिथि निर्धारित की गई है—
शनिवार, दिनांक 21 फरवरी 2026।
जो भी खिलाड़ी किसी भी कारणवश अपना ट्रायल नहीं दे पाए हैं, वे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
महत्वपूर्ण सूचना:
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन अपने किसी भी कार्यक्रम में खिलाड़ियों से किसी प्रकार का पंजीकरण शुल्क या भागीदारी शुल्क नहीं लेता है। सभी खिलाड़ियों से अनुरोध है कि किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा केवल आधिकारिक संपर्क सूत्र से ही जानकारी प्राप्त करें।
स्थान: नागेंद्र झा स्टेडियम, दरभंगा
समय: प्रातः 9:00 बजे से
संपर्क सूत्र:
आनंद ठाकुर
मो.: 9801396077
अधिक जानकारी के लिए उपरोक्त संपर्क सूत्र पर संपर्क किया जा सकता है।



Post Comment