BCA सीनियर वनडे ट्रॉफी : रोमांचक मुकाबले में बेगूसराय को 1 विकेट से कटिहार चैंपियन।
पटना : बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बीसीए मेंस सीनियर टूर्नामेंट सीजन 2025-26 का फाइनल मुकाबला आज Moin-ul-Haq Stadium में बेगूसराय और कटिहार के बीच खेला गया। प्रतिस्पर्धी मुकाबले में कटिहार ने अंतिम क्षणों तक चले खेल में बेगूसराय को 1 विकेट से पराजित करते हुए खिताब अपने नाम किया।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए बेगूसराय की टीम 48 ओवर में 10 विकेट पर 230 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से पृथ्वीराज ने 66 गेंदों पर 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 70 रन की उपयोगी पारी खेली। विकेटकीपर बल्लेबाज मुरारी कुमार ने 54 गेंदों पर 8 चौकों की सहायता से 50 रन बनाए, जबकि कप्तान दानिश आलम ने 26 रन का योगदान दिया।
कटिहार की ओर से गेंदबाजी में खालिद आलम का प्रदर्शन प्रभावी रहा। उन्होंने 10 ओवर में 1 मेडन रखते हुए 47 रन देकर 5 विकेट प्राप्त किए। हर्ष नंदा को 2 विकेट मिले, जबकि आयुष और अश्विनी कुमार को एक-एक सफलता मिली।
231 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कटिहार की टीम ने 49.3 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 231 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। बल्लेबाजी में मयंक पमनानी ने 121 गेंदों पर 12 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 101 रनों की महत्वपूर्ण शतकीय पारी खेलते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया। विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक कुमार ने 30 रन तथा अश्विनी कुमार ने 22 रन का योगदान दिया।
बेगूसराय की ओर से गेंदबाजी में अभिषेक झा ने 10 ओवर में 2 मेडन रखते हुए 46 रन देकर 5 विकेट प्राप्त किए। सुमित को 2 विकेट मिले, जबकि दानिश आलम और सुधांशु को एक-एक विकेट मिला।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष Harsh Vardhan ने बीसीए मेंस सीनियर टूर्नामेंट 2025-26 का खिताब जीतने पर कटिहार टीम को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान सभी टीमों ने प्रतिस्पर्धी और उपयोगी प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ अच्छा खेल प्रस्तुत किया। उन्होंने कटिहार की टीम को खिताब जीतने के लिए बधाई देते हुए बेगूसराय की टीम के प्रदर्शन की भी सराहना की और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी बिहार के खिलाड़ी इसी प्रकार प्रभावी प्रदर्शन करते रहेंगे। साथ ही आयोजन में सहयोग करने वाले सभी जिला संघों, पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं राज्य में क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रही हैं।
वहीं बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव Ziaul Arfeen ने भी कटिहार टीम को खिताब जीतने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने उपयोगी और प्रतिस्पर्धी प्रदर्शन किया, जो बिहार क्रिकेट के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बीसीए मेंस अंडर-23 प्रतियोगिता के मुकाबले विभिन्न मैदानों पर खेले जा रहे हैं, जिसमें युवा खिलाड़ियों का उपयोगी प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही जल्द ही बीसीए अंडर-19 प्रतियोगिता भी प्रारंभ होने वाली है। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से राज्य के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और बिहार क्रिकेट के विकास में यह पहल प्रभावी साबित होगी।
इस जीत के साथ कटिहार ने बीसीए मेंस सीनियर टूर्नामेंट सीजन 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया। मुकाबले के दौरान बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही ICA के सदस्य एवं बिहार क्रिकेट खिलाड़ी प्रतिनिधि सुनील कुमार तथा जिला खिलाड़ी प्रतिनिधि राजेश कुमार भी मैदान पर मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त कटिहार और बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी भी फाइनल मुकाबले के दौरान उपस्थित रहे।




Post Comment