खेलकूद में सफलता हेतु जज्बा,जुनून व कठिन परिश्रम जरूरी – गौरी शंकर
पटना : खेलकूद के क्षेत्र में सफल होने के लिए जज्बा, जुनून व कठिन परिश्रम जरूरी है। जज्बा व जुनून से लक्ष्य की प्राप्ति हो सकती है। सपनों को पूरा करने के लिए कठिन परिश्रम की आवश्यकता है। सीखने व सीखाने से ज्ञान की वृद्धि होती है। किलकारी बिहार बाल भवन,पटना में खिलाड़ियों के लिए आयोजित संवाद कार्यक्रम में उदगार व्यक्त करते हुए भारतीय महिला बॉल बैडमिंटन टीम के प्रशिक्षक -सह- भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के संयुक्त सचिव गौरी शंकर ने कहा कि खेलकूद के क्षेत्र में कैरियर बनाया जा सकता है।
खिलाड़ियों को आवश्यक आधारभूत सुविधाओं,बेहतर अत्याधुनिक तकनीकयुक्त प्रशिक्षण व संभावनाओं के द्वारा सफलता मिल सकती है। खिलाड़ियों को शारीरिक रूप से दक्ष रहने के लिए खेल के अनुसार व्यायाम व खान-पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम के प्रशिक्षक गौरी शंकर ने यह भी कहा कि भारतीय खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम का परिणाम है कि साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप,नेपाल, इंडोनेशिया, मलेशिया व थाईलैंड में आयोजित द्विपक्षीय पुरुष व महिला बॉल बैडमिंटन श्रृंखला में भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम ने जीत हासिल की है।
प्रशिक्षक गौरी शंकर ने यह भी बताया कि भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम विश्व की सर्वश्रेष्ठ टीम है। खासकर बिहार के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान स्थापित करने के लिए निरंतर अभ्यास करते रहने व प्रशिक्षक की बातों पर विशेष रूप से ध्यान देने की सलाह दी।
आने वाले दिनों में आयोजित होने वाली एशियन व विश्व कप बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में सहभागिता के लिए किलकारी व राज्य के बॉल बैडमिंटन खिलाड़ियों को कठिन परिश्रम की सलाह दी। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बॉल बैडमिंटन खेल के क्षेत्र में सफल होने का अपने अनुभव को भी विस्तारपूर्वक व्याख्यान किया। किलकारी की निदेशक ज्योति परिहार, कार्यक्रम पदाधिकारी अनिता ठाकुर,किलकारी पटना प्रमंडल की प्रभारी मधुरिमाश्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य को गौरवान्वित करने के लिए प्रशिक्षक गौरी शंकर को बधाई दी है।
संवाद कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत किलकारी के प्रशिक्षक राहुल कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी सृष्टि कुमारी ने किया। इस अवसर पर बिहार बॉल बैडमिंटन संघ की संयुक्त सचिव मिताली मित्रा, पूर्व कोषाध्यक्ष राम बाबू सिंह, बैडमिंटन प्रशिक्षक श्रीमोद पाठक,शारीरिक शिक्षा शिक्षक संतोष सिंह,सीनियर राष्ट्रीय खिलाड़ी रोहित कुमार उपस्थित थे।




Post Comment