Loading Now
×

कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग अंडर-15:आरआईटी चैंपियंस का दबदबा,आदित्य दबंग को 10 विकेट से हराया

पटना। टर्निंग प्वायंट के तत्वावधान में खेले जा रहे कासा पिकोला स्कूल क्रिकेट लीग अंडर-15 सीजन-6 में आरआईटी चैंपियंस ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींच लिया। मंगलवार को खेले गए अंतिम लीग मुकाबले में टीम ने आदित्य दबंग को एकतरफा अंदाज में 10 विकेट से हराकर अपनी ताकत का परिचय दिया। अब बुधवार से टूर्नामेंट का रोमांच सुपर सिक्स राउंड के साथ और बढ़ने वाला है।

कृष्णा क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में आदित्य दबंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत साधारण रही, लेकिन ओपनर रुणीत सिन्हा ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए पारी को संभाला। दबंग की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 125 रन ही बना सकी। रुणीत ने 50 रन की अहम पारी खेली, जबकि आदर्श राज (10), रजनीश (13) और हर्ष कुमार (13) ने छोटी-छोटी पारियां जोड़ीं। टीम को अतिरिक्त के रूप में 23 रन मिले।

गेंदबाजी में आरआईटी चैंपियंस के शिवम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हरि ओम ने 2 विकेट, जबकि हिमांशु और आशीष ने एक-एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरआईटी चैंपियंस की शुरुआत विस्फोटक रही। ओपनर आस्तित्व चंद्रा और अमन कुमार की जोड़ी ने दबंग के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 9.2 ओवर में ही बिना कोई विकेट गंवाए 128 रन बनाकर मैच जीत लिया।

आस्तित्व चंद्रा ने 29 गेंदों में 11 चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 58 रन बनाए, जबकि अमन कुमार ने 30 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 55 रन की पारी खेली।

संक्षिप्त स्कोर

आदित्य दबंग: 20 ओवर में 9 विकेट पर 125 रन, रुणीत सिन्हा 50, आदर्श राज 10, रजनीश 13, हर्ष कुमार 13, अतिरिक्त 23, शिवम 4/21, हिमांशु कुमार 1/27, हरि ओम 2/17, आशीष कुमार 1/12.

आरआईटी चैंपियंस : 9.2 ओवर में बिना किसी नुकसान के 128 रन, आस्तित्व चंद्रा नाबाद 58, अमन कुमार नाबाद 55, अतिरिक्त 15.

Share News:

खेल के हर खबर पर पैनी नज़र और सही उद्देश्य से लोगो तक पहुँचाने में सक्षम है खेलबिहार। संपर्क करे :9123473681

Post Comment