पटना 16 अक्टूबर 2026। बिहार और गोवा के बीच 19 अक्टूबर 2026 से राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, राजगीर में खेले जाने वाले अंडर-23 मुकाबले के लिए गोवा की टीम पटना पहुंच चुकी है। पटना एयरपोर्ट पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के लोकल मैनेजर रूपक कुमार ने गोवा की टीम का बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद टीम सड़क मार्ग से सीधे राजगीर के लिए रवाना हो गई।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के प्रशासक माननीय न्यायमूर्ति श्री अश्विनी कुमार सिंह, पटना उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश, के निर्देशानुसार इस मुकाबले के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बिहार क्रिकेट संघ द्वारा खिलाड़ियों की सुविधाओं, अभ्यास सत्र और मैच के सुचारु संचालन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

दोनों टीमें 17 और 18 अक्टूबर को राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास सत्र में भाग लेंगी। इसके बाद 19 अक्टूबर से बिहार और गोवा के बीच मुकाबले का शुभारंभ होगा। यह मैच युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष श्री हर्षवर्धन एवं सचिव जियाउल आरफीन ने बिहार और गोवा की अंडर-23 टीमों को मुकाबले के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। पुरे BCA परिवार और क्रिकेट जिला संघ परिवार ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील करते हुए उम्मीद जताई कि यह मुकाबला रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक होगा। सभी क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि ऐसे आयोजन युवा क्रिकेटरों को आगे बढ़ने और अपनी क्षमता साबित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
Share this content: